नई दिल्ली। दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव नरेश कुमार के साथ अक्सर तल्खी भरे रिश्ते रहे हैं। सरकार कई मौकों पर मुख्य सचिव पर लोगों के काम रोकने का आरोप भी लगा चुकी है। इससे पहले राज्य सरकार ने आशीष मोरे को सेवा सचिव के पद से भी हटा दिया है और अधिकारी के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किया है। दिल्ली सरकार अब मुख्य सचिव को बदलने की तैयारी में है ।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1989 बैच के अधिकारी पी के गुप्ता को दिल्ली का नया मुख्य सचिव नियुक्त करने के लिए केंद्र की मंजूरी मांगी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुप्ता मौजूदा समय में दिल्ली सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव के पद पर कार्यरत हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली के वर्तमान मुख्य सचिव नरेश कुमार इस साल के अंत में सेवानिवृत्त भी होने वाले हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुप्ता की नियुक्ति से संबंधित प्रस्ताव केंद्र सरकार की मंजूरी के लिए उपराज्यपाल वी के सक्सेना के पास भेजा है। यह कदम सुप्रीम कोर्ट के एक अहम फैसले के बाद उठाया गया है, जिसके तहत दिल्ली सरकार को अधिकारियों के स्थानांतरण और तैनाती सहित अन्य सेवा संबंधी मामलों में फैसले लेने की शक्ति प्रदान की गई है। 

See also  Coal Smuggling Case: ईडी ने 8 IPS अफसरों को पूछताछ के लिए दिल्ली में किया तलब