बिलासपुर। हाईकोर्ट बिलासपुर के चीफ जस्टिस की डिविजन बैंच ने उद्योगपति प्रवीण सोमानी अपहरणकांड के सभी 6 आरोपियों को जमानत दे दी है। इस मामले में प्रदीप, शिशिर, मुन्ना, तूफान, डॉ. आफताब आलम समेत अनिल चौधरी आरोपी हैं।

निचली अदालत ने दी है उम्रकैद की सजा

8 जनवरी 2020 को रायपुर के सिलतारा में हुए इस अपहरण के मामले में गिरफ्तार 6 आरोपियों को द्वादस अपर सत्र न्यायाधीश लीलाधर साय यादव ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। न्यायाधीश ने इस अपहरण कांड को गंभीर अपराध की श्रेणी का मानते हुए धारा 364 ए, 120 बी, 201 के तहत दोषसिद्ध करार देते हुए यह सजा सुनाई, जिसमे कुल 14 गवाहों की कोर्ट में गवाही हुई थी।

यह था मामला

आठ जनवरी 2020 को उद्योगपति प्रवीण सोमानी सिलतरा स्थित अपनी फैक्टरी से पंडरी इलाके के जयश्री मर्लिन सोसाइटी स्थित घर जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान बिहार और उत्तरप्रदेश के अपराधियों ने उनका अपहरण कर लिया था।

See also  छत्तीसगढ़ के प्राइमरी स्कूलों में बीएड धारकों की नियुक्ति का रास्ता साफ, सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के फैसले को रखा बरकरार

इस अपहरण कांड में चंदन सोनार गैंग का नाम सामने आया था। यह गिरोह मूलतः बिहार से है, और देश के कई बड़े व्यापारियों के अपहरण कांड में इनकी भूमिका भी रही है। उद्योगपति के अपहरण की घटना के बाद से ही 2020 में डीजीपी रहे डीएम अवस्थी के निर्देश पर रायपुर के तत्कालीन एसएसपी आरिफ शेख के नेतृत्व में 60 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों की एक विशेष टीम तैयार की गयी थी।

घटना के बाद से ही पुलिस की टीम कारोबारी की तलाश करते हुये उत्तरप्रदेश, बिहार, गुजरात सहित पांच राज्यों में छापेमारी की थी। इस छापेमारी से घबराकर अपहरणकर्ताओं ने उद्योगपति प्रवीण सोमानी को उत्तरप्रदेश के फैजाबाद जिले के सूनसान इलाके के एक घर में छोड़ दिया था और वहां से फरार हो गए थे। जहां से पुलिस टीम प्रवीण सोमानी को सकुशल बरामद कर रायपुर लेकर आई थी।

मुख्य सरगना पप्पू चौधरी की रही भूमिका

बाद में पुलिस ने इस मामले में गिरोह के सदस्य अनिल चौधरी, मुन्ना कालिया, प्रदीप बाबू सहित 12 आरोपितों को उत्तरप्रदेश, बिहार और ओडिशा से गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपितों ने अपहरणकांड का मुख्य सरगना पप्पू चौधरी को होना बताया था। बताया जाता है कि पप्पू चौधरी हीरा व्यापारी के अपहरण मामले में गुजरात की जेल में बंद है।

See also  5 दिन मुंबई में रहने के बाद हिमाचल पहुंची कंगना, ऑफिस में हुए अवैध निर्माण को लेकर आज हाईकोर्ट में दाखिल होगा जवाब

अपहरण की घटना में शामिल अपहरण के मास्टर माइंड पप्पू चौधरी, अंकित समेत अन्य अब तक रायपुर पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सके हैं। पुलिस ने उद्योगपति सोमानी के अपहरण के आरोप में जिन बदमाशों को गिरफ्तार किया था, उनके बारे में बताया जा रहा है कि वे सभी देश के अलग-अलग राज्यों में कई कारोबारी, उद्योपतियों के अपहरण कर चुके हैं।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटरयूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्रामकू
 पर