रायपुर। छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव के पहले कांग्रेस को झटके पे झटका लग रहा है। कांग्रेस के कई बड़े नेता और कार्यकर्त्ता पार्टी छोड़ भाजपा में शामिल होते जा रहे हैं। उधर बस्तर में तो जगदलपुर नगर निगम की महापौर और युवा आयोग के पूर्व सदस्य सहित करीब ढाई हजार नेताओं ने एक साथ कांग्रेस को अलविदा कहते हुए भाजपा का दामन थाम लिया है। कांग्रेस महापौर सहित आधा दर्जन कांग्रेसी पार्षदों के पाला बदल देने से अब यहां के नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी बहुमत में आ गई है।

नामांकन भरने से पूर्व हुआ बड़ा खेला

बस्तर लोकसभा सीट के लिए 19 अप्रैल को चुनाव होना है। यहां आज बुधवार को नामांकन फ़ार्म जमा करने का आखिरी दिन था। भाजपा के प्रत्याशी महेश कश्यप का नामांकन फार्म भरवाने के लिए सीएम विष्णु देव साय सहित कई बड़े नेता आज जगदलपुर में जुटे। इससे पहले विशाल सभा हुई, जिसमें जगदलपुर की नगर निगम की महापौर सफीरा साहू, पार्षद, बीजापुर जिले के रहने वाले युवा आयोग के पूर्व सदस्य अजय सिंह सहित लगभग ढाई हजार कार्यकर्ताओं ने बीजेपी की सदस्यता ली। सीएम विष्णु देव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सहित अन्य नेताओं ने इन सभी का स्वागत किया।

See also  कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता बने विकास तिवारी

जगदलपुर निगम में अब भाजपा का बहुमत

महापौर सफीरा साहू और 8 कांग्रेसी पार्षदों के भाजपा में आ जाने से अब 48 पार्षदों वाले जगदलपुर निगम में भाजपा बहुमत में आ गई है। कल तक निगम में कांग्रेस के 29 और भाजपा के 19 पार्षद थे।

पार्टी से नाराजगी बनी वजह

दरअसल ये सभी लंबे समय से कांग्रेस से नाराज चल रहे थे। अजय सिंह और बीजापुर के कांग्रेसी विधायक विक्रम मंडावी के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। अपनी सरकार में रहते हुए अजय ने खुलकर भ्रष्टाचार का विरोध किया था। ऐसे में उन्हें पार्टी से निष्काषित कर दिया गया था। इतना ही नहीं विधानसभा चुनाव के पहले जिलाबदर की कार्रवाई भी की गई थी। अब अजय सिंह ने पार्टी से इस्तीफा देते हुए भाजपा की सदस्यता ले ली है।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटरयूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्रामकू पर