रायपुर। छत्तीसगढ़ में मंगलवार दोपहर से मौसम बदलने के बाद रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बलौदाबाजार, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) सहित कई जिलों में झमाझम बारिश हुई। इसके चलते लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। वहीं कोरबा में आकाशीय बिजली गिरने से 2 युवकों की मौत हो गई।

कोरबा के कटघोरा इलाके के कर्रा गांव में मंगलवार दोपहर भुवनेश्वर सिंह (42), बसंती कंवर (40) और मनबोध सिंह (42) खेत की जुताई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक शाम करीब 4 बजे मौसम बदला और बारिश शुरू हो गई। इस पर तीनों बचने के लिए खेत के पास पेड़ के नीचे चले गए। तभी जोर से बिजली गरजी और पेड़ पर आ गिरी। इसकी चपेट में आकर भुवनेश्वर सिंह और बसंती की मौत हो गई, जबकि मनबोध गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के ग्रामीणों ने देखा तो इसकी सूचना 108 को दी गई। इसके बाद घायल को कटघोरा स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

See also  Amit Shah : गृहमंत्री अमित शाह 25 मार्च को आएंगे छत्तीसगढ़, CRPF के स्थापना दिवस में होंगे शामिल

मौसम विभाग ने पहले ही प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में अंधड़ और बारिश की संभावना जताई थी। अगले 5 दिनों तक सरगुजा, रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग में बारिश के आसार हैं। इसी दौरान बीजापुर और सुकमा में अटका हुआ मानसून रायपुर समेत प्रदेश के बाकी हिस्सों में सक्रिय होने की संभावना जताई गई है। समुद्र से आ रही नमी के कारण पिछले 24 घंटे के दौरान बस्तर में कई जगहों पर अच्छी वर्षा हुई। बीजापुर में 50 मिमी तक बारिश हुई। बास्तानार में 20, लोहंडीगुड़ा, लैलुंगा और घरघोड़ा में 10 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। कई जगहों पर बूंदाबांदी हुई। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में दोपहर में ही जोरदार बारिश हो रही है। इसके चलते लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। बिलासपुर में दिन भर धूप के बाद छाई काली घटा। तेज बारिश के चलते गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली है।