सुकमा। छत्तीसगढ़ के नक्‍सल प्रभावित क्षेत्रों में नक्सलियों का आतंक लगातार जारी है। इसी कड़ी में सुकमा जिले के जगरगुंडा साप्ताहिक बाजार में आज नक्सलियों ने सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात जवानों पर हमला किया। नक्‍सली हमले में घायल जवानों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, और उन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता के लिए जगरगुंडा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घायल जवानों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर के निजी अस्‍पताल में हेलिकाप्‍टर से लाया गया है।

जानकारी के अनुसार, यह हमला नक्सलियों की स्मॉल एक्शन टीम द्वारा किया गया, जिसमें दो जवान घायल हो गए। बताया जा रहा है कि हमले के बाद नक्‍सली जवानों के हथियार भी लूट ले गए।

हमले के बाद बाजार में अफरातफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद दहशत में आए स्थानीय लोग बाजार से भागने लगे। नक्सली हमले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने क्षेत्र में सर्चिंग अभियान तेज कर दिया है।

See also  CG Weather Update : कई शहरों में तापमान पहुंचा 45 डिग्री के पार, अप्रैल का सबसे गर्म दिन हो सकता है आज, रायपुर समेत इन जिलों में चलेगी लू

सुकमा पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हमले की जांच की जा रही है और हमलावर नक्सलियों की पहचान करने के लिए सुरक्षा बलों द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। नक्‍सली हमले में घायल हुए जवानों के नाम करतम देवा और सोढ़ी कन्ना हैं। घायल जवानों को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर रायपुर लाया गया। यहां नारायणा अस्‍पताल में दोनों जवानों को भर्ती किया गया है।