टीआरपी डेस्क। साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन, जो हाल ही में ‘पुष्पा 2: द रूल’ के प्रीमियर भगदड़ मामले में गिरफ्तार हुए थे, 14 दिसंबर की सुबह चंचलगुडा सेंट्रल जेल से रिहा हो गए। उन्हें करीब 18 घंटे तक हिरासत में रखा गया।

अभिनेता के पिता और ससुर जेल के पीछे के गेट से उन्हें लेने पहुंचे। अल्लू को एक महिला की मौत से जुड़े विवाद में गिरफ्तार किया गया था, लेकिन उन्हें तेलंगाना हाईकोर्ट से जमानत मिल चुकी थी। दस्तावेजी प्रक्रिया में देरी के कारण उन्हें एक रात जेल में बितानी पड़ी।

घर पहुंचते ही मां के गले लगे

जेल में अल्लू अर्जुन को क्लास-1 बैरक में रखा गया था। रिहा होने के बाद वे गीता आर्ट्स प्रोडक्शन हाउस पहुंचे और सुबह 8 बजे अपने घर लौटे। घर पहुंचते ही उनकी मां ने उनकी नजर उतारी और गले लगाया। इसके बाद उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात की। बाहर निकलकर अभिनेता ने मीडिया से बात की।

See also  Delhi Assembly Elections Date: दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों का आज होगा ऐलान, चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस 2 बजे

मैं एक जिम्मेदार नागरिक हूं

मीडिया से बातचीत में अल्लू अर्जुन ने कहा, मैं अपने फैंस का शुक्रिया अदा करता हूं जिन्होंने इतना प्यार और समर्थन दिया। मैं ठीक हूं, घबराने की जरूरत नहीं। मैं एक जिम्मेदार और कानून का पालन करने वाला नागरिक हूं। पीड़ित परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। जो घटना हुई, वह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण थी, और मुझे इस पर खेद है।

जेल से रिहाई और फैंस का विरोध

अल्लू अर्जुन की रिहाई सुबह 6:40 बजे हुई। उनके पिता, निर्माता अल्लू अरविंद, और ससुर कंचरला चंद्रशेखर उन्हें लेने पहुंचे। वकील अशोक रेड्डी ने इसे अवैध हिरासत करार दिया और बताया कि आदेश की प्रतियां शुक्रवार रात ही जेल प्रशासन को मिल गई थीं। जेल के बाहर अल्लू के फैंस ने विरोध प्रदर्शन किया।

गिरफ्तारी कैसे हुई?

13 दिसंबर को दोपहर 12 बजे अल्लू अर्जुन को उनके घर से गिरफ्तार किया गया। शाम 4 बजे उन्हें लोकल कोर्ट में पेश किया गया, जहां से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया। हाईकोर्ट ने 50,000 रुपये के निजी मुचलके पर जमानत दी। गिरफ्तारी के दौरान अल्लू ने पुलिस पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें नाश्ता तक नहीं करने दिया गया। एक वीडियो भी वायरल हुआ जिसमें उन्हें पुलिस की हिरासत में जाते देखा गया।

See also  Motor Vehicle Act: नए ट्रैफिक कानून के खिलाफ ये 11 राज्य, तीन ने घटाई जुर्माने की राशि, नरम पड़े गडकरी

पुष्पा-2 प्रीमियर का विवाद

4 दिसंबर को हैदराबाद के संध्या थिएटर में ‘पुष्पा-2’ के प्रीमियर के दौरान अल्लू अर्जुन की अचानक उपस्थिति से भीड़ बेकाबू हो गई। फैंस थिएटर में घुसने की कोशिश करने लगे, जिससे भगदड़ मच गई। पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा। इस घटना में एक महिला की मौत हो गई और उसका 9 साल का बेटा घायल हो गया। थिएटर प्रबंधन ने दावा किया कि उन्होंने सुरक्षा के लिए पुलिस को पहले ही सूचित किया था, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया गया।

फैंस और इंडस्ट्री की प्रतिक्रिया

अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी से उनके फैंस और फिल्म इंडस्ट्री में गुस्सा देखा गया। अभिनेता वरुण धवन ने कहा, इस तरह की घटनाओं के लिए किसी एक व्यक्ति को दोषी ठहराना उचित नहीं है। वहीं, मृतक महिला के पति ने कहा कि अल्लू अर्जुन सीधे तौर पर जिम्मेदार नहीं हैं। तेलुगु और बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री की कई हस्तियों ने भी अभिनेता के समर्थन में बयान दिया है।

See also  Jammu and Kashmir: उमर अब्दुल्ला सरकार की पहली बैठक में राज्य का दर्जा बहाल करने का प्रस्ताव, जल्द ही पीएम मोदी को सौंपा जाएगा