बैकुंठपुर। छत्तीसगढ़ के गौरघाट जलप्रपात में रील बनाने के दौरान एक 22 वर्षीय युवक की जान चली गई। चार दिन की लंबी तलाशी के बाद उसका शव जलप्रपात की गहराई में फंसा मिला। इस दर्दनाक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवक को जलप्रपात के ऊपरी हिस्से से छलांग लगाते हुए देखा जा सकता है।

बताया जा रहा है कि, मसीबी जिले के खड़गवां थाना क्षेत्र के ग्राम दुबछोला बड़कापारा का रहने वाला लड़का राहुल (22) अपने दोस्तों के साथ गौरघाट जलप्रपात घूमने गया था। इस दौरान वह रील बनाने की कोशिश कर रहा था। वीडियो में देखा जा सकता है कि, राहुल जलप्रपात के ऊपरी हिस्से से छलांग लगाता है और पानी के तेज बहाव में बह जाता है। उसके दोस्तों ने तुरंत मदद के लिए शोर मचाया लेकिन तब तक राहुल गहरे पानी में समा चुका था।

चार दिन तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना के बाद राहुल के परिजन और स्थानीय प्रशासन ने तुरंत रेस्क्यू शूरू किया। कोरिया, सूरजपुर और अंबिकापुर की संयुक्त टीम ने चार दिनों तक तलाशी अभियान चलाया। लंबे समय की कोशिश के बाद राहुल का शव जलप्रपात के नीचे फंसा हुआ मिला।

See also  मड़वा पावर प्लांट में हादसा, 50 फीट की ऊंचाई से गिरकर मजदूर की मौत, बिहार का रहने वाला था मजदूर

मनोरंजन के लिए न करें जान जोखिम में

इस घटना ने गौरघाट जलप्रपात की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़ा किया है। प्रशासन ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया और लोगों से अपील की है कि, वे जलप्रपात जैसे खतरनाक जगहों पर सुरक्षा नियमों का पालन करें और स्टंटबाजी से बचें। अधिकारियों ने कहा कि, मनोरंजन के लिए अपनी जान खतरे में न डालें। इस घटना से सभी को सबक लेना चाहिए।

परिजनों ने की सुरक्षा बढ़ाने की मांग

वहीं राहुल के परिजनों और स्थानीय लोगों ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने पर्शासन से मांग की है कि, जलप्रपात में सुरक्षा के और भी कड़े इंतजाम किए जाएं। लोगों ने सोशल मीडिया पर रील बनाने वाले युवाओं को समझाने के लिए जागरूकता अभियान चलाने की बात कही।