मुंगेली। एसीबी की टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए एक पटवारी और उसके सहायक को एक लाख रूपये की रिश्वत लेते धर दबोचा। पटवारी और राजस्व निरीक्षक ने किसान से जमीन के सीमांकन के बदले में पांच लाख रूपये रिश्वत की मांग की थी।

26 एकड़ जमीन का करना था सीमांकन

इस संबंध में ACB ने जानकारी दी है कि प्रार्थी वैभव सोनी ग्राम रामगढ़ के पिता शेखर सोनी के नाम पर कृषि जमीन ग्राम रामगढ़, जिला मुंगेली में स्थित है, जिसमें से लगभग 12 खसरा की कुल लगभग 26 एकड़ जमीन का सीमांकन करने के एवज में मुंगेली के राजस्व निरीक्षक नरेश साहू और पटवारी सुशील जायसवाल द्वारा ₹500000(पांच लाख) रिश्वत की मांग की गई थी।

पीड़ित ने ACB में कर दी शिकायत

एक साथ 5 लाख रूपये मांगे जाने से परेशान वैभव सोनी द्वारा मामले की शिकायत एसीबी, बिलासपुर में की गई। जिसका सत्यापन कराये जाने पर शिकायत सही पाई गई। सत्यापन के दौरान पटवारी द्वारा ₹400000(चार लाख) लेने हेतु सहमति दी गई थी। इसके बाद पहली किश्त के रूप में एक लाख रूपये देने के लिए आज वैभव सोनी को पटवारी सुशील जायसवाल के पास भेजा गया।

See also  रायपुर पहुंचे क्रिकेटर गौतम गंभीर, क्रिक फेस्ट में बच्चों को सिखाई क्रिकेट की बारीकियां

पटवारी ने इस तरह की चालाकी

इस दौरान पटवारी जायसवाल द्वारा चालाकी दिखाते हुए रिश्वती रकम को अपने सहायक गुलाब दास मानिकपुरी को देने हेतु कहे जाने पर वैभव द्वारा रकम गुलाब दास को पटवारी कार्यालय मुंगेली में दिए जाने पर एसीबी बिलासपुर की टीम द्वारा गुलाब दास और आरोपी पटवारी सुशील जायसवाल को पकड़ लिया गया। गुलाब दास मानिकपुरी से रिश्वती रकम एक लाख रुपए को बरामद कर लिया गया है। आरोपी पटवारी सुशील जायसवाल और सहायक गुलाब दास मानिकपुरी के विरुद्ध धारा 7,12 पीसी एक्ट 1988 के तहत कार्यवाही की जा रही है।

आर आई के खिलाफ होगी जांच

ACB ने जानकारी दी है कि इस प्रकरण में अन्य एक संदेही राजस्व निरीक्षक (आर.आई.) नरेश साहू की भूमिका की जांच की जा रही है। दरअसल पटवारी और RI ने मिलकर ही रूपये मांगे थे। माना जा रहा है कि इस मामले में RI के खिलाफ जल्द ही कार्रवाई होगी।

See also  पूछताछ के बाद लौटे सीबीआई अफसर, बघेल निवास पर एकत्र हुए अनेक विधायक और कांग्रेस नेता…