बलौदाबाजार।जिले कि पुलिस ने अपने ही विभाग के एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पुलिस विभाग में बतौर कांस्टेबल काम किया और पद पर रहते हुये उसने एसपी की फर्जी आईडी बनाई थी। इसी आईडी से ही वह बिजनेसमैन, बिल्डरों के खातों की जानकारी लेकर उन्हें फ्रीज करता था। फिर खातों को अनफ्रीज करने के नाम पर मोटी रकम वसूलता था। गिरफ्तार आरक्षक अब तक के ढाई करोड़ से ज्यादा की ठगी की घटना को अंजाम दे चुका था।

शिकायत की जांच में हुआ खुलासा

दरअसल, 3 जुलाई को शिकायत मिली थी कि जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ में पदस्थ आरक्षक हेमंत नायक द्वारा जिला बलौदाबाजार-भाटापारा में पदस्थापना के दौरान अकाउंट फ्रीज-डीफ्रीज करने के एवज में विभिन्न आवेदकों से पैसे लिया गया था। साथ ही हेमंत नायक के विरुद्ध इसी प्रकार से अवैध वसूली करने की भी शिकायतें प्राप्त हुई थी। शिकायत जांच प्रमाणित होने पर पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता द्वारा प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए आरक्षक हेमंत नायक के विरुद्ध अविलंब अपराध दर्ज करने हेतु थाना प्रभारी सिटी कोतवाली को निर्देश दिया गया। आवेदन जांच पर से थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 670/2025 धारा 166,419,409,384 भादवि एवं 66C,66D आईटी एक्ट का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

See also  वर्दी पर दाग : राजधानी में अवैध शराब बेच रहा जवान गिरफ्तार, होटल में किया था शराब का स्टॉक

शिकायत जांच पर यह भी पाया गया कि आरक्षक द्वारा फर्जी आईडी बनाते हुए उक्त धोखाधड़ी की घटना को अंजाम दिया गया है। प्रकरण में थाना सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आरक्षक हेमंत नायक को हिरासत में लिया गया। पूछताछ करने पर आरोपी द्वारा जिला बलौदाबाजार-भाटापारा में पदस्थापना के दौरान उक्त अपराध को घटित करना स्वीकार किया गया।

सेवा से किया गया बर्खास्त

प्रकरण में आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। प्रकरण में अग्रिम जांच विवेचना कार्यवाही जारी है। आरक्षक हेमंत नायक जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के उक्त अपराध में संलिप्त होना पाए जाने पर उसे सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।