रायपुर। राजधानी रायपुर की केंद्रीय जेल में दो दिन के भीतर दूसरी बार जेल में कैदियों के बीच गैंगवार के हालात देखने को मिले हैं। खबर है कि दो कैदियों महेश रात्रे और जामवंत ने आशीष शिंदे और उसके एक साथी रहमान पर जेल के भीतर जानलेवा हमला किया। दोनों पर नुकीले औजार कटर से वार किया गया, जिससे वे घायल हो गए। इन कैदियों को मेकाहारा में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

बता दें कि इससे पहले बुधवार को एक जेल प्रहरी (सिपाही) के साथ भी मारपीट की घटना सामने आई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं से स्पष्ट है कि जेल के भीतर गिरोहों के बीच तनाव चरम पर है और गैंगवार की स्थिति बन चुकी है। सूत्रों के अनुसार, जेल में प्रतिद्वंद्वी गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई चल रही है, जिसकी वजह से लगातार हिंसक झड़पें हो रही हैं। सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील माने जाने वाले केंद्रीय जेल में इस प्रकार की घटनाएं जेल प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। फिलहाल, जेल प्रशासन द्वारा घटना की आंतरिक जांच शुरू कर दी गई है और हमला करने वाले कैदियों की पहचान की जा रही है। साथ ही, जेल में सुरक्षा बढ़ाने के लिए अतिरिक्त कदम उठाने की बात कही जा रही है।

See also  छाता पॉलिटिक्सः मैं मल्लिकार्जुन खड़गे का अपमान देख कर बहुत दुखी हुआ- पीएम मोदी

केके की मदद के मामले में है गिरफ्तार

इस हमले की पृष्ठभूमि राजनीतिक और आपराधिक रंजिश से जुड़ी बताई जा रही है। पुलिस ने इस पर अभी औपचारिक पुष्टि नहीं की है लेकिन जांच की दिशा राजनीतिक दुश्मनी और गुटबाजी की ओर इशारा कर रही है।

आशीष शिंदे पूर्व में फरार चल रहे केके श्रीवास्तव की मदद करने के मामले में जेल में बंद हैं। केके श्रीवास्तव को भूपेश बघेल का करीबी माना जाता है, ऐसे में पूरे घटनाक्रम ने कांग्रेस के भीतर मचे गुटीय संघर्ष को फिर से उजागर कर दिया है। फिलहाल, पुलिस और जेल प्रशासन ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है और जेल के अंदर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

बता दें कि बीते सप्ताह भी साहिल और सोहेल नामक कैदियों ने कटनी मारकर केंद्रीय जेल में हमला किया था। लगातार इस तरह की वारदात से सेंट्रल जेल में कैदियों के बीच दहशत का माहौल है।

See also  कोरिया में खौफनाक वारदात : रेत तस्करी विवाद में भाजपा नेता और भाई को फॉर्च्यूनर कार में जिंदा जलाया, 2 की हुई मौत