कोरबा। जिले में महिला पंचायत सचिव सुषमा खुसरों की हत्या के मामले में पुलिस ने मृतका के पति अभिनेक खुसरों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूलते हुए बताया कि घरेलू विवाद से परेशान होकर उसने गला घोंटकर पत्नी की हत्या की और फिर लाश को जलाकर आत्महत्या का स्वरूप देने की कोशिश की थी।
कातिल पति ने रची थी साजिश
घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है, जहां बीते दिनों सुषमा की अधजली लाश उनके घर में संदिग्ध हालात में मिली थी। घटना की जानकारी खुद पति अभिनेक ने पुलिस को दी थी। उसने बताया था कि वह घर से बाहर गया था और लौटने पर पत्नी की लाश कमरे में मिली। प्रारंभिक रूप से मामला आत्महत्या का प्रतीत हुआ, लेकिन मृतका की मां ने इसे हत्या बताते हुए पुलिस से न्याय की मांग की थी।
पोस्टमॉर्टम में हुआ खुलासा
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सुषमा की गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद संदेह के आधार पर पुलिस ने मृतका के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की, जिसमें उसने पूरी घटना का खुलासा हुआ।
2023 में किया था प्रेम विवाह
पूछताछ में पुलिस को मालूम हुआ कि वर्ष 2023 में मृतका और उसके कतिल पति ने प्रेम विवाह किया था। दोनों पंचायत विभाग में सचिव के पद पर कार्यरत थे। शादी के कुछ ही महीनों में दोनों के बीच घरेलू कामकाज को लेकर विवाद शुरू हो गया था, जो समय के साथ बढ़ता चला गया। आरोपी ने बताया कि वह पत्नी से अलग होना चाहता था, लेकिन सुषमा इसके लिए तैयार नहीं थी। रोज़-रोज़ के झगड़ों से परेशान होकर उसने पत्नी को मारने की योजना बनाई।
एक दिन पहले हुआ था विवाद
घटना के एक दिन पहले भी दोनों के बीच तीखा विवाद हुआ था। आए दिन के झगड़ों से परेशान होकर अगले दिन आरोपी ने सुषमा की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने लाश को आग लगा दी ताकि मामला आत्महत्या का लगे। लेकिन शव पूरी तरह जल नहीं पाया और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सारा राज़ खुल गया।
मां ने जताई थी हत्या की अशंका
मामले में मृतका की मां ने भी हत्या की आशंका जाहिर करते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की थी। जांच में मिले सबूतों और आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।



