टीआरपी डेस्क। रायपुर में आयोजित एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। ग्रामीण विकास और दूरसंचार राज्यमंत्री डॉ. पेम्मासानी चंद्र शेखर ने बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में ग्रामीण विकास विभाग, डाक विभाग, दूरसंचार विभाग और भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। डॉ. पेम्मासानी चंद्र शेखर ने बैठक में बताया कि केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में डिजिटल संचार को सशक्त बनाने के लिए 400 नए BSNL टावर लगाने की योजना पर काम कर रही है। यह जानकारी ने दी है।
विभागों से ली जाएगी मंजूरी
डॉ. शेखर ने कहा कि इन टावर्स की स्थापना के लिए सुरक्षा बलों और वन विभाग से आवश्यक मंज़ूरी मिलने के बाद काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया, “BSNL आज देश में उच्च गुणवत्ता की 4G सेवाएं प्रदान रहा है और इस विस्तार के साथ हम देश के अंतिम गांव तक डिजिटल कनेक्टिविटी पहुंचाने के मिशन को साकार कर रहे हैं।”
नक्सल क्षेत्रों में डिजिटल विकास “मिशन मोड” पर
डॉ. शेखर ने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों को “मिशन मोड” में लागू किया जा रहा है। इन क्षेत्रों में सेवाएं घर-घर तक पहुंचाने की रणनीति अपनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि “इन क्षेत्रों में विद्यालयों का डिजिटल किया जा रहा है, जिससे छात्रों को अब JEE, NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिल रही है। इसके साथ ही, दिव्यांग छात्रों के लिए विशेष सुविधाएं भी प्रदान की जा रही हैं, जो एक संवेदनशील और समावेशी पहल है।”
अंतिम व्यक्ति को भी मिलेगा लाभ
अपने संबोधन के अंत में डॉ. शेखर ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं अब समाज के अंतिम पंक्ति के नागरिक तक पहुंच रही हैं। वंचित, आदिवासी और दुर्गम क्षेत्रों में भी अब तेज़ विकास और परिवर्तन देखा जा रहा है।सरकार का उद्देश्य है कि डिजिटल, भौतिक और सामाजिक बुनियादी ढांचे को एकीकृत रूप से मजबूत कर ‘सबका साथ, सबका विकास’ को धरातल पर उतारा जाए।”


