बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में आये दिन लोग साइबर ठगों का शिकार बन रहे हैं। इसी कड़ी में एक बुजुर्ग कारोबारी को हाई-प्रोफाइल तरीके से ठगी की वारदात को अंजाम दिया गया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रहने वाले इस कारोबारी से डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर 57 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने मामला साइबर अपराध रेंज थाना को जांच के लिए सौंप दिया है।

झारखंड की एक कंपनी में हैवी व्हीकल कारोबार करने वाले बुजुर्ग को 19 जुलाई को एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉलर ने खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए कहा कि मुंबई में एक नया बैंक खाता खुला है, जिससे जेट एयरवेज के सीईओ नरेश गोयल के खाते में साढ़े छह करोड़ रुपये का ट्रांजैक्शन हुआ है।

कॉलर ने दावा किया कि इस ट्रांजैक्शन पर 10 प्रतिशत कमीशन (करीब 65 लाख रुपए) बुजुर्ग के नाम पर ट्रांसफर हुआ है, जिसकी जांच आरबीआई कर रही है और सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई हो रही है।

See also  साइबर सुरक्षा को लेकर केंद्र सरकार निकालेगी 35 लाख नौकरियां

ठगों ने बुजुर्ग से कहा कि उन्हें घर बैठे डिजिटल अरेस्ट किया जा रहा है। वे अगर जांच में सहयोग नहीं करेंगे, तो उन पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है। इस मानसिक दबाव में आकर बुजुर्ग ने एक्सिस बैंक खाते से 50 लाख और एचडीएफसी खाते से 7 लाख, कुल मिलाकर 57 लाख रुपए ठगों द्वारा बताए गए खातों में ट्रांसफर कर दिए।

कुछ समय बाद जब उन्हें शक हुआ कि वे ठगी के शिकार हो गए हैं, तो उन्होंने सिविल लाइन थाना में इसकी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर रेंज साइबर थाना को सौंप दिया है। पुलिस अब कॉल डिटेल, बैंक ट्रांजैक्शन और संबंधित खातों की जांच कर रही है।