रायपुर। विशाखापत्तनम से कोरबा आ रही लिंक एक्सप्रेस में रायगढ़ा शहर के पास एक बड़ी रेल दुर्घटना होते-होते बच गई, जब मझिघरिया मंदिर के समीप रेलवे ट्रैक पर अचानक एक बड़ा पत्थर गिर गया।शुक्र है कि ट्रेन चालक ने समय रहते सतर्कता दिखाई और तेज आवाज सुनते ही इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया।

इस घटना को लेकर मिली जानकारी के मुताबिक लिंक एक्सप्रेस गुरुवार रात विशाखापत्तनम से राइट टाइम चल रही थी। इस बीच मूसलाधार बारिश के चलते पार्वतीपुरम से रायगढ़ा स्टेशन के बीच रात करीब 11.50 को एक विशालकाय चट्टान आ गिरा। मध्यरात्रि के समय हुए इस घटनाक्रम में यदि चालक ने तत्परता नहीं दिखाई होती, तो एक भीषण रेल हादसा हो सकता था। रेलवे सूत्रों के अनुसार, पत्थर का आकार काफी बड़ा था और यदि ट्रेन उससे टकरा जाती, तो डिब्बे पटरी से उतर सकते थे, जिससे यात्रियों की जान को गंभीर खतरा हो सकता था।

See also  गरीब और विकासशील देशों की आवाज हमेशा उठाता रहेगा भारत : पीएम मोदी

5 घंटे तक रुकी रही ट्रेन, रेल यातायात प्रभावित

घटना के तुरंत बाद रेलवे विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और ट्रैक से पत्थर को हटाने का कार्य शुरू किया। साथ ही, ट्रैक की मरम्मत का काम भी युद्धस्तर पर शुरू किया गया।

इस दौरान रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक रेल यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। कोरबा एक्सप्रेस करीब 5 घंटे तक उसी ट्रैक पर खड़ी रही। आसपास के स्टेशनों से पहुंची राहत और बचाव टीमों ने सारी रात सुधार कार्य किया। उसके बाद तड़के 6 बजे ट्रेनों की आवाजाही बहाल हुई। लिंक एक्सप्रेस 5 घंटे देरी से सुबह रवाना होकर 8.30 बजे टिटलागढ़ पहुंची। ऐसी ही स्थिति रायपुर से गुरुवार शाम रात रवाना हुई ट्रेनों की भी बताई गई है। इन सभी के तीन से पांच घंटे देर से विशाखापत्तनम पहुंचने की खबर है।