खंडवा। मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में एक बड़ा रेल हादसा उस समय टल गया। जब एक रेलवे ट्रैक पर टूटी हुई पटरी पाई गई। समय रहते ट्रेन को रोक दिया गया, जिससे एक संभावित भीषण दुर्घटना टल गई। घटना के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, हॉलिडे स्पेशल ट्रेन (04159) इटारसी से भुसावल की ओर जा रही थी। इसी दौरान खंडवा-छनेरा से बरुड़ रेलवे सेक्शन पर रेलवे ट्रैक की निगरानी कर रहे कर्मचारी द्वारा पटरी में दरार देखी गई।
सावधानीपूर्वक इशारा किए जाने पर ट्रेन को तत्क्षण रोका गया, जिससे किसी प्रकार की अनहोनी से बचाव हो सका। ट्रेन रुकने के बाद रेलवे अधिकारियों को तुरंत सूचना दी गई, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और ट्रैक सुधारने का कार्य शुरू किया गया।
दुर्घटना या साजिश,जांच जारी
अब तक की जानकारी में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह तकनीकी गड़बड़ी थी या किसी साजिश का संकेत। रेलवे द्वारा मामले की जांच की जा रही है और सभी संबंधित विभागों को सतर्क कर दिया गया है। घटना की जानकारी सामने आते ही यात्रियों में आशंका और दहशत का माहौल बन गया। वहीं, रेलवे प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है और सुरक्षा मानकों की दोबारा समीक्षा शुरू कर दी गई है।


