टीआरपी डेस्क। राजस्थान के खैरथल जिले के किशनगढ़बास कस्बे से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। कस्बे की आदर्श कॉलोनी में स्थित एक मकान की छत पर रखे नीले पानी के ड्रम में युवक की लाश मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और FSL की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, मकान की बुजुर्ग मालकिन मिथलेश देवी जब छत पर गईं तो उन्हें तेज दुर्गंध का एहसास हुआ। बदबू का स्रोत तलाशते हुए वह नीले ड्रम तक पहुंचीं, जहां से गंध और तेज़ हो गई। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने अपने पोते और पुलिस को पूरे मामले की सूचना दी।

सड़ी-गली हालत में मिली युवक की लाश

पुलिस जब मौके पर पहुंची तो छत पर रखे ड्रम से कपड़े हटाकर देखा गया, तो उसमें युवक की सड़ी-गली लाश बरामद हुई। मृतक की पहचान हंसराज के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और अपने परिवार के साथ डेढ़ महीने पहले ही किराए पर इस मकान में रहने आया था। वह पास के ही एक ईंट भट्ठे में काम करता था। पुलिस को मिली प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतक की पत्नी और 3 बच्चे पिछले 2-3 दिनों से घर पर नहीं हैं और उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है। इसके साथ ही मकान मालिक का बेटा भी गायब है। इससे मामला और भी रहस्यमय हो गया है और हत्या की आशंका प्रबल हो गई है।

See also  हादसा टला: राजधानी रायपुर में बहुमंजिला इमारत गिरी, निर्माण के लिए की जा रही थी खुदाई

पुलिस खंगाल रही CCTV फुटेज

किशनगढ़बास DSP राजेन्द्र सिंह ने बताया कि लाश मिलने की सूचना मिलते ही उच्च अधिकारियों की निगरानी में जांच शुरू की गई है। मौके पर FSL (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को भी बुलाया गया ताकि साक्ष्यों को वैज्ञानिक ढंग से एकत्र किया जा सके। मृतक के परिवार, आसपास के लोगों और मकान मालिक से भी पूछताछ की जा रही है।

इसके साथ ही पुलिस ने इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि यह पता चल सके कि मृतक की पत्नी और बच्चे कब और कैसे घर से निकले तथा हत्या के बाद संभावित आरोपी कहां फरार हुए। घटना की खबर आग की तरह पूरे कस्बे में फैल गई, जिसके चलते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने लोगों से अफवाह न फैलाने की अपील की है और कहा है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

See also  ब्रेकिंग: यहां गोल्ड लोन बैंक से 10 मिनट में 10 करोड़ की लूट,बंधक बनाकर मुंह पर लगा दिया टेप