टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ में गाड़ियों की नंबर प्लेट पर फैंसी नंबर पाने की होड़ लगातार बढ़ती जा रही है। खासकर राजधानी रायपुर में ऐसे नंबर्स की डिमांड सबसे अधिक रहती है। लोग अपनी गाड़ी की रजिस्ट्रेशन सीरीज का इंतजार करते हैं ताकि मनपसंद नंबर लेकर अपनी गाड़ी को खास बना सकें। परिवहन विभाग के अनुसार, फैंसी नंबर्स की ऑनलाइन नीलामी से हर साल औसतन ₹16 करोड़ से ₹18 करोड़ की कमाई हो रही है। इसके बावजूद कई ऐसे नंबर भी हैं जिन्हें कोई खरीददार नहीं मिल रहा। यही वजह है कि डंप फैंसी नंबर्स की संख्या बीते 4 साल में बढ़कर 32 हजार से ज्यादा हो चुकी है।

सबसे ज्यादा लोकप्रिय नंबर ?

फैंसी नंबर्स में 0001 को सबसे प्रतिष्ठित माना जाता है। इस नंबर की बोली ₹1 लाख से शुरू होती है। इसके बाद 0007, 0009 और 0786 जैसे नंबर्स की नीलामी ₹80 हजार से होती है। वहीं, 0002 से 0006 तक के नंबर और 1111, 2222, 3333, 4444 से लेकर 9999 तक के नंबर ₹50 हजार की शुरुआती कीमत पर उपलब्ध होते हैं। इसके अलावा कई नंबर ऐसे भी हैं जिनकी नीलामी ₹30 हजार से शुरू होती है। लेकिन आंकड़े बताते हैं कि ₹30 हजार श्रेणी वाले नंबरों के खरीदार बहुत कम होते हैं। यही कारण है कि ये नंबर लगातार न बिक पाने की वजह से डंप हो रहे हैं। कुछ अन्य नंबर जैसे AK 47**, CR 7***, 8055 (BOSS) 4137 (भाऊ) और 214* (राम) की भी युवा वर्ग में भारी मांग देखने को मिलती है।

See also  CG NEWS : कांग्रेस के खिलाफ बगावत पड़ी महंगी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पार्टी से निलंबित दिखया बहार का रास्ता

राजधानी में फैंसी नंबर्स की भारी मांग

राजधानी रायपुर में फैंसी नंबर्स की सबसे ज्यादा डिमांड देखी जाती है। यहां कई वाहन मालिक नई सीरीज आने का इंतजार करते हैं और तभी अपनी नई गाड़ी खरीदते हैं ताकि मनपसंद नंबर ले सकें। रायपुर के अलावा बिलासपुर, दुर्ग, भिलाई, धमतरी और राजनांदगांव जैसे जिलों में भी इन नंबरों को लेकर उत्साह रहता है। लेकिन जिन नंबरों को रायपुर में खरीदार नहीं मिलते, वो नंबर बाकी जिलों में भी नहीं बिक पाते।

कब शुरू हुई फैंसी नंबर्स की नीलामी ?

फैंसी नंबर्स की नीलामी की शुरुआत वर्ष 2012-13 में की गई थी। इसके पहले कुछ खास नंबर्स के लिए रसूखदार लोगों का हस्तक्षेप होता था। बड़े नेताओं और अफसरों के फोन से गाड़ियों के लिए विशेष नंबर आवंटित किए जाते थे। इस खींचतान को खत्म करने के लिए सरकार ने ऐसे नंबरों को अलग सूचीबद्ध किया और ऑनलाइन नीलामी की प्रक्रिया शुरू की। तब से लेकर अब तक यह प्रणाली लागू है और हर साल इससे सरकार को लाखों रुपए की आय होती है।

See also  प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में ऑक्सीजन और वेंटिलेटर की कमी, हाईकोर्ट ने जताई चिंता

च्वाइस नंबर और फैंसी नंबर में है फर्क

अक्सर लोग च्वाइस नंबर और फैंसी नंबर में भ्रमित हो जाते हैं। दरअसल, च्वाइस नंबर कोई भी हो सकता है, जिसे वाहन मालिक शुभ अंक मानते हैं या व्यक्तिगत महत्व रखते हैं। इसके लिए वे अतिरिक्त शुल्क चुकाकर अपनी पसंद का नंबर ब्लॉक करा लेते हैं। जबकि फैंसी नंबर अलग सूची में रखे गए खास नंबर हैं जिनकी मांग आम तौर पर बहुत ज्यादा होती है। इन्हें सीधे ऑनलाइन बुक नहीं किया जा सकता बल्कि नीलामी के जरिए ही हासिल किया जाता है।

डंप फैंसी नंबर्स पर समीक्षा

0001, 0007 जैसे टॉप-10 नंबर हमेशा तेजी से बिक जाते हैं, लेकिन बड़ी संख्या में बाकी नंबर लगातार डंप हो रहे हैं। अनुमान है कि हर नई सीरीज में ऐसे कई नंबर फिर से शामिल कर दिए जाते हैं जिन पर कोई बोली नहीं लगती। परिणामस्वरूप चार साल में यह संख्या 32 हजार से ज्यादा हो गई है। अब शासन स्तर पर इस पर विचार चल रहा है कि जिन नंबर्स की डिमांड बिल्कुल नहीं है, उन्हें फैंसी की सूची से बाहर किया जाए। परिवहन विभाग जल्द ही इसके लिए समीक्षा कर शासन को प्रस्ताव भेज सकता है।

See also  विधानसभाः गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू और कृषि मंत्री रविंद्र चौबे के ख़िलाफ़ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव

लोगों की मानसिकता और बढ़ती प्रतिस्पर्धा

वाहन मालिकों के बीच यह धारणा बन चुकी है कि खास नंबर उनकी गाड़ी को अलग पहचान देता है। कई लोग अपने शुभ अंक या पसंदीदा नंबर पर बड़ी रकम खर्च करने को भी तैयार रहते हैं। 0001 और 0007 जैसे नंबर स्टेटस सिंबल बन चुके हैं। यही वजह है कि इनकी शुरुआती कीमत अधिक होने के बावजूद बोली लगते ही यह तुरंत बिक जाते हैं। दूसरी ओर, जिन नंबर्स की खास पहचान नहीं है, उन्हें लोग लेना नहीं चाहते।