टीआरपी डेस्क। जोधपुर से दिल्ली कैंट के बीच वन्दे भारत एक्सप्रेस (Vande Bharat Express) के संचालन की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। बहुप्रतीक्षित यह सेमी हाई स्पीड ट्रेन शुक्रवार को जोधपुर पहुंची, जहां इसे बनाड़ स्टेशन के आगे जाजीवाल स्टेशन पर खड़ा किया गया है। उल्लेखनीय है कि जोधपुर से पहली वन्दे भारत एक्सप्रेस पहले से ही साबरमती के लिए चल रही है और यह दूसरी वन्दे भारत ट्रेन होगी, जो अब दिल्ली मार्ग पर दौड़ेगी।
ट्रेन में कुल आठ कोच होंगे, जिनमें सात चेयरकार क्लास और एक एक्जीक्यूटिव क्लास कोच (Executive Class Coach) शामिल है। इसमें 608 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। एक्जीक्यूटिव क्लास में 52 सीटें हैं, जबकि चेयरकार कोचों में अलग-अलग सीटिंग क्षमता रखी गई है- सी-1 और सी-7 में 44-44 सीटें और शेष सी-2, 3, 4, 5, 6 व 8 कोच में 78-78 सीटें।
जोधपुर से दिल्ली कैंट तक यह ट्रेन कुल सात स्टेशनों पर ठहराव के साथ सफर करेगी। प्रस्तावित समय सारणी के अनुसार यह ट्रेन सुबह 5.30 बजे जोधपुर से रवाना होगी और करीब आठ घंटे बाद दोपहर 1.30 बजे दिल्ली कैंट पहुंचेगी। इस दौरान जयपुर तक का सफर केवल चार घंटे में पूरा होगा और सुबह 9.30 बजे तक जयपुर पहुंचने का समय तय किया गया है।
ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए दो टीटीई (TTE), दो क्रू मेंबर और एक गार्ड की टीम तैनात होगी। उद्घाटन कार्यक्रम वर्चुअल रूप से आयोजित किया जाएगा। रेलवे बोर्ड की ओर से अब अधिकृत समय सारणी जारी की जानी है।



