टीआरपी डेस्क। UPI Payment : अब ना पिन याद रखने की टेंशन, ना OTP का करना होगा इंतजार। जल्द ही UPI यूजर्स सिर्फ अपनी उंगलियों या चेहरे से पेमेंट कर पाएंगे। NPCI इस नई तकनीक पर तेजी से काम कर रहा है, जिससे हर ट्रांजैक्शन पहले से भी ज्यादा सुरक्षित और आसान होगा।
क्या है बायोमेट्रिक पेमेंट ?
बायोमेट्रिक पेमेंट का मतलब है कि अब आपकी पहचान आपके फिंगरप्रिंट या फेस ID से होगी। जिस तरह आप अपने मोबाइल को अनलॉक करते हैं, ठीक वैसे ही बिना पिन डाले पेमेंट भी किया जा सकेगा। एक्सपर्ट्स मानते हैं कि ये तरीका पिन से कहीं ज्यादा सेफ और सिक्यौर होगा।
कब से मिलेगी ये सुविधा ?
नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने इसकी पुष्टि की है कि वे इस फीचर पर काम कर रहे हैं। फिलहाल इसकी सटीक तारीख सामने नहीं आई है, लेकिन अगले कुछ महीनों में UPI ऐप्स में यह सुविधा दिखाई देने लगेगी।
क्यों जरूरी है बायोमेट्रिक पेमेंट ?
बुजुर्गों और ग्रामीणों के लिए पिन भूल जाना कोई बड़ी बात नहीं है। वहीं, फ्रॉड के मामले भी लगातार बढ़ रहे हैं। बायोमेट्रिक सिस्टम से न सिर्फ धोखाधड़ी रुकेगी, बल्कि यह तकनीक बेहद तेज और सहज अनुभव भी देगी।
किन ऐप्स में मिलेगा यह फीचर ?
Google Pay, Phone Pay, Paytm जैसे प्रमुख UPI ऐप्स में यह फीचर आ सकता है। शुरुआत में कुछ चुनिंदा ऐप्स पर इसका पायलट टेस्ट होगा, फिर धीरे-धीरे सभी यूजर्स के लिए यह सुविधा उपलब्ध होगी।
क्या यह सिस्टम है सुरक्षित ?
NPCI का दावा है कि यूजर्स का बायोमेट्रिक डेटा पूरी तरह एन्क्रिप्टेड रहेगा। हालांकि, डेटा प्राइवसी को लेकर लोगों की चिंताएं बनी हुई हैं। कुछ डिजिटल एक्सपर्ट्स का कहना है कि “सरकार को इसके लिए सख्त नियम और निगरानी व्यवस्था बनानी चाहिए।”



