टीआरपी डेस्क। SBI Bank Robbery : कर्नाटक के विजयपुरा जिले में एक राष्ट्रीयकृत बैंक में हुई बड़ी लूट ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। चाडचन कस्बे में स्थित भारतीय स्टेट बैंक की इस शाखा में मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे तीन नकाबपोश बदमाशों ने घुसकर हथियारों के बल पर कर्मचारियों को बंधक बना लिया।
पुलिस के मुताबिक, लुटेरे चालू खाता खोलने के बहाने बैंक में दाखिल हुए और फिर अचानक देसी पिस्तौल और चाकू निकालकर स्टाफ को धमकाया। उन्होंने बैंक मैनेजर, कैशियर और अन्य कर्मचारियों के हाथ-पैर बांध दिए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, नकाबपोश और हथियारों से लैस बदमाशों ने बैंक से 58 किलो सोना और 8 करोड़ रुपये कैश लूट लिए। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है।
बैंक मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने सुजुकी ईवीए वाहन का इस्तेमाल किया, जिस पर नकली नंबर प्लेट लगी थी। घटना के बाद वे महाराष्ट्र के पंढरपुर की दिशा में भाग निकले।
SBI Bank Robbery : विजयपुरा के पुलिस अधीक्षक लक्ष्मण निंबर्गी ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और सभी संभावित रास्तों और ठिकानों पर निगरानी तेज कर दी गई है। फिलहाल, यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या इस लूट में किसी स्थानीय व्यक्ति की मिलीभगत थी या यह पूरी तरह बाहरी गिरोह की साजिश है।



