रायपुर। छत्तीसगढ़ में सुबह से ही मौसम बदला हुआ है। राजधानी रायपुर में सुबह से बारिश हो रही है। यहीं हाल प्रदेश के बाकी का जिलों का भी है। जहां रूक-रूक कर बारिश हो रही है। सुबह से हो रही बारिश की वजह से मौसम सुहावना हो गया है। इतने दिनों से तेज धूप और उमस से लोग परेशान थे। लेकिन, सुबह से हो रही बारिश के कारण लोगों ने गर्मी और उमस से राहत महसूस की है।
जानकारी के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बने बारिश के सिस्टम का असर प्रदेश में दिखने लगा है। रायपुर में देर रात से बूंदाबांदी जारी है। बलौदा बाजार में भी तेज पानी बरस रहा है। बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी है। अन्य जिलों में भी भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने महासमुंद, गरियाबंद, धमतरी, कांकेर, कोंडागांव और नारायणपुर जिलों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
वहीं, सरगुजा, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और रायपुर सहित 19 जिलों में मध्यम से भारी बारिश के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इधर, रायपुर के नवापारा क्षेत्र से लगे पारागांव में आकाशीय बिजली गिरने से 27 बकरे-बकरियों की मौत हो गई। सभी मवेशी महानदी किनारे चर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। घटना में 7 बकरियां घायल भी हुई हैं। वहीं पिछले 24 घंटे की बात करें तो सबसे अधिक 60 मिमी बारिश मैनपुर में दर्ज की गई है।


