टीआरपी डेस्क। यूट्यूब ने भारत में अपने प्रीमियम लाइट पायलट का विस्तार शुरू कर दिया है। इस प्लान के तहत यूजर्स को एड-फ्री वीडियो देखने का नया और किफ़ायती विकल्प मिलेगा। इसकी कीमत सिर्फ ₹89 प्रति माह रखी गई है।
फोन, लैपटॉप, टीवी सभी पर उपलब्ध
यूट्यूब के अनुसार, Premium Lite प्लान दर्शकों को उनके पसंदीदा कंटेंट का आनंद कम रुकावट के साथ लेने का अवसर देता है। यह फ़ोन, लैपटॉप और टीवी सभी डिवाइस पर उपलब्ध होगा। हालांकि, म्यूजिक कंटेंट और शॉर्ट्स पर विज्ञापन दिखाई दे सकते हैं।
12.5 करोड़ से अधिक सब्सक्राइबर
कंपनी ने बताया कि Premium Lite की टेस्टिंग का उद्देश्य उन यूजर्स के लिए सुविधाओं और लाभों का सही संतुलन सुनिश्चित करना है, जो मुख्यतः एड-फ्री वीडियो देखना चाहते हैं। वहीं, जो यूजर्स YouTube और YouTube Music पर एड-फ्री म्यूजिक, ऑफ़लाइन और बैकग्राउंड प्ले का अनुभव चाहते हैं, उन्हें प्रीमियम प्लान लेने की सलाह दी गई है।
YouTube का यह कदम ऐसे समय में आया है जब YouTube Music और Premium के दुनिया भर में 12.5 करोड़ से अधिक सब्सक्राइबर हैं और कंपनी अपने क्रिएटर्स और पार्टनर्स के लिए अतिरिक्त आय के अवसर भी बढ़ा रही है।


