टीआरपी डेस्क। मध्य प्रदेश और राजस्थान में हाल ही में कफ सिरप (Cough Syrup) से जुड़े बच्चों की मौतों का मामला सामने आया है। छिंदवाड़ा जिले में मरने वाले बच्चों की संख्या 9 तक पहुंच गई है, जबकि राजस्थान में 2 बच्चों की मौत दर्ज की गई। कुल 11 मौतों के बाद राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (NCDC) ने मामले की जांच तेज कर दी है।
वायरल फीवर से पीड़ित बच्चों की हालत बिगड़ी
छिंदवाड़ा के परासिया क्षेत्र में वायरल फीवर से पीड़ित बच्चों की हालत बिगड़ रही है। SDM शुभम यादव ने बताया कि जिले में 1420 बच्चों की निगरानी की जा रही है, जिन्हें सर्दी, बुखार और जुकाम के लक्षण हैं। बच्चों को आवश्यकतानुसार सिविल और जिला अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। जांच में अब तक 5 बच्चों ने Coldrif और 1 बच्चे ने Nextro-DS सिरप लिया था। सभी प्राइवेट डॉक्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि वायरल मरीज सीधे सिविल अस्पताल भेजें।
राजस्थान में दो बच्चों की मौत
राजस्थान में भी दो बच्चों की मौत हुई है। भरतपुर में कफ सिरप पीने से दो साल के बच्चे की जान चली गई, जबकि सीकर जिले में 5 वर्षीय बच्चे की मौत हुई। दोनों मामलों में सिरप के सेवन से किडनी फेलियर को मौत का प्रमुख कारण माना जा रहा है।
NCDC ने मध्य प्रदेश और राजस्थान के अस्पतालों और संबंधित स्थलों से पानी, कीटविज्ञान संबंधी दवाओं और सिरप के नमूने एकत्र किए हैं। किसी संक्रामक रोग की संभावना को खारिज करने के लिए इन नमूनों की जांच जारी है। परिणाम आने के बाद उन्हें राज्य औषधि अधिकारियों के साथ साझा किया जाएगा।



