टीआरपी डेस्क। Aravind Srinivas : 31 साल की उम्र में जहां लोग अपने करियर की दिशा तय करने की राह पर होते हैं, वहीं चेन्नई में जन्में अरविंद श्रीनिवास दुनिया के सबसे युवा अरबपतियों की लिस्ट में शामिल हो चुके हैं। 2025 की M3M हुरुन इंडिया रिच लिस्ट में उनका नाम शामिल किया गया है। इस होनहार युवा ने यह साबित कर दिखाया है कि जुनून और मेहनत से सही दिशा में किया गया काम किसी भी सपने को हकीकत में बदल सकता है।
अरविंद की गिनती अब न सिर्फ भारत बल्कि दुनिया के सबसे चमकते AI इंटरप्रेन्योर्स में हो रही है। अरविंद श्रीनिवास की सफलता की कहानी हर उस युवा के लिए प्रेरणा है, जो बड़े सपने देखता है।
कौन हैं अरविंद श्रीनिवास ?
अरविंद श्रीनिवास का जन्म 7 जून 1994 को चेन्नई में हुआ। अरविंद Perplexity AI के फाउंडर हैं। बचपन से ही उनका रुझान साइन्स में था। उनकी यही जिज्ञासा उन्हें IIT मद्रास लेकर पहुंची, जहां उन्होंने कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई की। खास बात यह रही कि वे पढ़ाई के साथ-साथ रीइन्फोर्समेंट लर्निंग जैसे विषय खुद भी पढ़ाते थे। जिज्ञासा और मेहनत का यह मेल ही उनकी असली पहचान बना।
विदेश में भरी उड़ान
IIT के बाद अरविंद ने अमेरिका का रुख किया और यूसी बर्कले से कंप्यूटर साइंस में PHd हासिल की। यहां उन्होंने कंप्यूटर विजन, ट्रांसफॉर्मर्स और जेनेरेटिव मॉडल्स जैसी रिसर्च पर काम किया। PHd के दौरान और उसके बाद, उन्होंने दुनिया की सबसे बड़ी AI कंपनियों में भी काम किया, जिनमें OpenAI, DeepMind और Google शामिल हैं। उनकी रिसर्च से HaloNet और ResNet-RS जैसे मॉडल बने, वहीं OpenAI के मशहूर प्रोजेक्ट DALL·E 2 में उन्होंने विशेष योगदान दिया।
Perplexity AI की शुरुआत
साल 2022 में अरविंद ने Denis Yarats और Andy Konwinski के साथ मिलकर Perplexity AI शुरू किया। यह एक कन्वर्सेशनल सर्च इंजन है जो सवालों के सीधे, भरोसेमंद और तेज जवाब देता है। यह प्लेटफॉर्म ट्रेडिशनल सर्च इंजनों का ऑप्शन बनकर सामने आया और बहुत जल्द ही दुनियाभर में फेमस हो गया।
इन्वेस्टर के रूप में बनाई नई पहचान
अरविंद अब सिर्फ एक उद्यमी ही नहीं, बल्कि AI स्टार्टअप्स में निवेश करने वाले निवेशक भी बन गए हैं, उन्होंने ElevenLabs (टेक्स्ट-टू-स्पीच) और Suno (टेक्स्ट-टू-म्यूजिक) जैसी कंपनियों में निवेश किया है। यह दिखाता है कि उन्हें AI के भविष्य को आकार देने में गहरी दिलचस्पी है।
भारत से विशेष लगाव
दिलचस्प बात यह है कि Perplexity AI का सबसे बड़ा यूजर बेस आज भारत है। यही वजह है कि अरविंद देश में बड़े पैमाने पर रणनीति बना रहे हैं। वह भारत में इंजीनियरिंग हब बनाने, एजुकेशन और हेल्थ जैसे क्षेत्रों में साझेदारी करने और आने वाले समय में एक खास Perplexity फंड की योजना भी बना रहे हैं।
Aravind Srinivas : अरविंद श्रीनिवास की कहानी इस बात का सबूत है कि यदि जुनून के साथ मेहनत की जाए तो सफलता के रास्ते में कोई नहीं आ सकता। एक साधारण परिवार से निकला चेन्नई का लड़का आज अरबों की संपत्ति का मालिक और देश का सबसे युवा अरबपति बनकर उभरा है। उनकी यात्रा हर युवा के लिए मिसाल है कि यदि सपने सही दिशा में देखे जाएं और उन्हें पूरा करने के लिए महनत की जाए तो किसी भी मुकाम को हासिल करना संभव है।


