रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज दिल्ली दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने सबसे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से उनके आवास पर मुलाकात की। इस मुलाकात को सौजन्य भेंट बताया गया है। दोनों नेताओं के बीच नक्सलवाद की स्थिति और रक्षा क्षेत्र में विकास को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे।

राजनाथ सिंह से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री साय राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति से भी भेंट करेंगे। वे राष्ट्रपति को 15 नवंबर को छत्तीसगढ़ में होने वाले विश्व आदिवासी गौरव दिवस में शामिल होने का निमंत्रण देंगे। इसके बाद उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन को भी राज्य स्थापना दिवस के कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाएगा।

बता दें कि छत्तीसगढ़ इस वर्ष अपना 25वां स्थापना दिवस मना रहा है। राज्य सरकार सभी जिलों में रंगारंग कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी 31 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे और 1 नवंबर को मुख्य राज्योत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे।

See also  बिग ब्रेकिंग : EOW से IPS जीपी सिंह हटे,SSP आरिफ शेख को मिला EOW-ACB का चार्ज, नेहा चंपावत बनीं गृह विभाग में विशेष सचिव

कुछ दिन पहले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर आए थे। उन्होंने बस्तर दशहरा की रस्म में शामिल होकर यह दोहराया कि 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद का पूरी तरह खात्मा किया जाएगा। शाह ने नक्सलियों से हथियार छोड़कर आत्मसमर्पण करने और शासन द्वारा पुनर्वास का अवसर स्वीकार करने की अपील की।