टीआरपी। Ready to eat production unit inaugurated : छत्तीसगढ़ में महिला सशक्तिकरण और पोषण सुरक्षा की दिशा में एक और नई पहल की शुरुआत हुई है। वन मंत्री केदार कश्यप ने दंतेवाड़ा जिले के कुआकोंडा विकासखंड में रेडी टू ईट पोषण आहार उत्पादन यूनिट का शुभारंभ किया। उत्पादन यूनिट के शुरू होने पर अब जिले की महिलाओं, आंगनबाड़ी के बच्चों को पोषण आहार इसी उत्पादन यूनिट से प्राप्त हो सकेगा। इसका संचालन दंतेश्वरी महिला स्व-सहायता समूह के नेतृत्व में किया जाएगा।
वन मंत्री कश्यप ने मां दंतेश्वरी की पूजा-अर्चना कर फीता काटकर यूनिट का उद्घाटन किया और बटन दबाकर मशीनों को चालू किया। मंत्री ने उत्पादन और पैकेजिंग प्रक्रिया का निरीक्षण किया तथा तैयार हो रहे रेडी-टू-ईट पैकेटों की गुणवत्ता भी देखी।
महिलाएं लखपति दीदी बनने की ओर अग्रसर
मंत्री ने समूह की महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि यह दंतेवाड़ा जिले के लिए गर्व का विषय है कि अब जिले में ही पौष्टिक आहार का उत्पादन शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि यह बदलाव महिलाओं की जागरूकता और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। शासन की योजनाओं से प्रेरित होकर आज महिलाएँ “लखपति दीदी” बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
इस यूनिट से तैयार रेडी-टू-ईट आहार का वितरण कुआकोंडा, किरंदुल, कटेकल्याण और बड़ेगुडरा परियोजनाओं के अंतर्गत किया जाएगा। इस पहल से लगभग 13,000 बच्चे, 2,000 गर्भवती महिलाएं और 2,500 शिशुवती माताएं लाभान्वित होंगी। इससे बच्चों में कुपोषण घटेगा और महिलाओं में एनीमिया की समस्या में कमी आएगी। इस अवसर पर विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुडामी, जनप्रतिनिधि संतोष गुप्ता, कलेक्टर कुणाल दुदावत, डीएफओ आदि उपस्थित रहे।


