टीआरपी डेस्क। Gujarat Cabinet Expansion : गुजरात में भाजपा ने तीन साल में एक बार फिर बड़ा राजनीतिक फेरबदल किया है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को बनाए रखते हुए पार्टी ने पूरी सरकार को बदल डाला है। गुरुवार को जहां 16 मंत्रियों से इस्तीफा लिया गया, वहीं शुक्रवार को 26 नए मंत्रियों ने शपथ ली। इनमें 19 नए चेहरे शामिल हैं, जबकि सिर्फ 6 पुराने मंत्रियों को दोबारा मौका मिला है।

नए मंत्रिमंडल में जातीय और सामाजिक संतुलन पर खास ध्यान दिया गया है। इसमें 8 ओबीसी, 3 अनुसूचित जाति, 4 अनुसूचित जनजाति और 3 महिलाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री समेत 8 मंत्री पटेल समाज से हैं। दिलचस्प बात यह है कि हटाए गए किसी भी मंत्री पर न तो भ्रष्टाचार का आरोप था और न कोई कानूनी विवाद। इसके बावजूद भाजपा ने यह कदम 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी के रूप में उठाया है।

बता दे कि विधानसभा की कुल 182 सीटों में से 15% तक मंत्री बनाए जा सकते हैं। इस हिसाब से 26 मंत्रियों के साथ सरकार को अधिक संतुलित बनाया गया है।इस नए मंत्रिमंडल में सबसे पहले हर्ष संघवी ने शपथ ली। उन्हें डिप्टी सीएम बनाया गया है। पहले वे गृह मंत्री थे। क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा को भी मंत्री पद की जिम्मेदारी दी गई है।

See also  महतारी वंदन योजना को लेकर प्रदेश भर में मचा बवाल : मो. अकबर ने भाजपा पर प्रलोभन देने का लगाया आरोप, कोरबा में निर्वाचन की टीम ने योजना का फॉर्म भरवाते पकड़ा भाजपाइयों को

भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में यह तीसरा मंत्रिमंडल है। पहली बार वे सितंबर 2021 में विजय रूपाणी की जगह मुख्यमंत्री बने थे। दिसंबर 2022 के विधानसभा चुनाव के बाद दूसरी बार उन्होंने शपथ ली थी। अब तीसरी बार नई टीम के साथ भाजपा ने 2027 की तैयारी शुरू कर दी है।