रायपुर। आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ का मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान बनने की संभावना है, जिसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। 27 अक्टूबर से वर्षा में वृद्धि देखी जा सकती है, जबकि दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक बादल गर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई गई है।

अगले पांच दिन तक बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में गीदम में 4 सेंटीमीटर, भैरमगढ़, नांगुर, बारसूर, छोटेडोंगर में 2 सेंटीमीटर और छिंदगढ़ व टोंगपाल में 1 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

28 अक्टूबर तक तट से टकरा सकता है तूफान

मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन अगले 48 घंटों में गहरे डिप्रेशन और फिर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 28 अक्टूबर की रात तक आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम और काकीनाडा के बीच तट से टकराने की संभावना है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 90 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

See also  चीफ इलेक्शन आफिसर रीना बाबा कंगाले ने ली पुलिस अधीक्षकों की बैठक

28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार 28 अक्टूबर को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा और 29 अक्टूबर को भारी से अतिभारी वर्षा होने की संभावना है।

रायपुर में आज का मौसम

राजधानी रायपुर में आज आसमान सामान्यतः मेघमय रहेगा। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है।