टीआरपी डेस्क। पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में पहुंचे थे। यहां आगामी एपिसोड से जुड़ा एक प्रोमो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दिलजीत दोसांझ शो के होस्ट अमिताभ बच्चन के पैर छूते नजर आ रहे हैं। इसी क्लिप के बाद खालिस्तानी आतंकी संगठन ‘सिख्स फॉर जस्टिस’ (SFJ) ने दिलजीत को धमकी दी है कि एक नवंबर को ऑस्ट्रेलिया में होने वाला उनका कॉन्सर्ट रद्द कराया जाएगा।

कार्यक्रम को बंद कराने की दी चेतावनी

जानकारी के अनुसार, अकाल तख्त साहिब ने एक नवंबर को ‘सिख नरसंहार स्मरण दिवस’ घोषित किया है। इसी दिन दिलजीत दोसांझ का ऑस्ट्रेलिया में एक बड़ा कॉन्सर्ट आयोजित होना है। SFJ ने इसे सिख समुदाय के प्रति असंवेदनशील बताया है और कार्यक्रम को बंद कराने की चेतावनी दी है।

विवाद की वजह

विवाद उस समय शुरू हुआ जब ‘कौन बनेगा करोड़पति’ सीजन 17 के एक प्रोमो में दिलजीत दोसांझ अमिताभ बच्चन के पैर छूते और उन्हें गले लगाते दिखाई दिए। यह एपिसोड 31 अक्टूबर को प्रसारित होगा। खालिस्तानी संगठन का आरोप है कि अमिताभ बच्चन ने 1984 के सिख दंगों के दौरान “खून का बदला खून” के नारे के जरिए हिंसा को भड़काया था। संगठन का कहना है कि ऐसे व्यक्ति के प्रति सम्मान दिखाकर दिलजीत ने 1984 के सिख नरसंहार के पीड़ितों का अपमान किया है।

See also  कार्तिक महाराज दुष्कर्मी या राजनीतिक साजिश ?

SFJ नेता पन्नू का बयान

SFJ के जनरल काउंसल गुरपतवंत सिंह पन्नू ने कहा कि 1984 में सिखों की हत्या के लिए जिम्मेदार लोगों को आज तक जवाबदेह नहीं ठहराया गया। इसके विपरीत उन्हें पुरस्कार और सम्मान दिए जा रहे हैं। पन्नू के अनुसार, जिन लोगों ने नरसंहार में अपने परिवार खोए, उनकी पीड़ा अभी भी जीवित है। ऐसे में किसी सिख कलाकार का अमिताभ बच्चन के प्रति आदर जताना ‘विश्वासघात’ है।

संगठन की योजना और प्रतिक्रिया

पन्नू ने दावा किया है कि 1 नवंबर 2025 को ऑस्ट्रेलिया में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट स्थल के बाहर विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। उनका कहना है कि जब पूरी दुनिया सिख नरसंहार के पीड़ितों को याद कर शोक मना रही होगी, तब दिलजीत का यह कार्यक्रम सिख भावनाओं को ठेस पहुंचाएगा।

सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया

वायरल वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं बंटी हुई हैं। कुछ उपयोगकर्ताओं ने दिलजीत के समर्थन में लिखा कि उन्होंने भारतीय संस्कृति के अनुसार सम्मान दिखाया है, जबकि कुछ ने SFJ के आरोपों को गंभीर बताया है। फिलहाल दिलजीत दोसांझ या उनकी टीम की ओर से इस विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

See also  लापरवाही: 15 कोरोना संक्रमित की रिपोर्ट निगेटिव बताकर भेज दिया घर, जांच के आदेश