टीआरपी। Chhattisgarh State Foundation Day pradarshani : छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर आयोजित रजत जयंती समारोह में नवा रायपुर में राज्योत्सव मनाया जा रहा है। एक नवंबर से शुरू हुआ उत्सव 5 नवंबर तक चलेगा। राज्योत्सव में एक ओर विविध विभागों की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र है। वहीं दूसरी ओर बालीवुड के स्टार गायक, कलाकार और छत्तीसगढ़ी संस्कृति से ओतप्रोत कार्यक्रम देखने के लिए दर्शकों का हुजूम उमड़ रहा है।
वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग
राज्योत्सव में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के स्टाल में विभाग की प्रमुख योजनाओं और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया गया है। स्टाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2024 में शुरू की गई ‘एक पेड़ माँ के नाम’ योजना की झलक दिखाई दे रही है। योजना के अंतर्गत अब तक 6.41 करोड़ पौधे छत्तीसगढ़ में रोपे जा चुके हैं।
बाघों की संख्या 17 से 35 हुई
स्टाल में हांदावाड़ा जलप्रपात (नारायणपुर), कुटुमसर गुफा (कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान) और बारनवापारा अभयारण्य जैसे प्रसिद्ध प्राकृतिक स्थलों की जानकारी दी गई है। राज्य में वन्यजीव संरक्षण के सफल प्रयासों से काला हिरण की संख्या 77 से बढ़कर 190 हो गई है, वहीं बाघों की संख्या भी वर्ष 2021 में 17 से बढ़कर अप्रैल 2025 में 35 तक पहुँच गई है। कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में स्थित ग्रीन गुफा परियोजना और घोटुल संस्था की जानकारी भी प्रदर्शित की गई है, जो बस्तर क्षेत्र की आदिवासी संस्कृति का एक महत्वपूर्ण प्रतीक है।


