टीआरपी डेस्क। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया है कि राज्य में बड़े पैमाने पर वोटों की हेराफेरी की गई और 3.5 लाख मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए। कांग्रेस ने इस खुलासे को ‘H-Files’ नाम दिया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले पार्टी ने सोशल मीडिया पर ‘हाइड्रोजन बम लोडिंग’ कैप्शन के साथ एक पोस्ट भी साझा किया था।

राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि हरियाणा चुनाव में कई ऐसे पते मिले हैं जहां एक ही जगह पर सौ से अधिक मतदाताओं के नाम दर्ज हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह गड़बड़ी किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं थी, बल्कि राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर संगठित तरीके से की गई।

राहुल गांधी ने कहा, “हमारे पास ‘एच-फाइल्स’ हैं, जो बताती हैं कि कैसे एक पूरे राज्य में चोरी हुई। हमें अपने उम्मीदवारों से लगातार शिकायतें मिलीं कि कुछ सही नहीं चल रहा है। सभी एग्जिट पोल कांग्रेस की जीत की ओर इशारा कर रहे थे, लेकिन नतीजे उलट निकले। हमने पहले भी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में इस तरह की गड़बड़ी का अनुभव किया था, लेकिन इस बार हमने हरियाणा पर विशेष रूप से ध्यान केंद्रित किया।”

See also  काम की खबर:राशन कार्ड धारियों को फरवरी एवं मार्च का चावल मिलेगा एक साथ,आदेश जारी

उन्होंने आगे कहा कि हरियाणा के चुनावी इतिहास में पहली बार डाक मतों का पैटर्न वास्तविक मतदान से पूरी तरह अलग पाया गया। राहुल ने कहा, “जब मैंने पहली बार ये डिटेल्स देखीं तो मुझे यकीन नहीं हुआ। मैंने टीम को कई बार जांच करने के निर्देश दिए।”

राहुल गांधी के इन आरोपों के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस की ओर से कहा गया है कि ‘H-Files’ के माध्यम से पार्टी यह दिखाना चाहती है कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को किस तरह से प्रभावित किया गया। अब निगाहें चुनाव आयोग की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं।