टीआरपी डेस्क। Bullying at Knife Point : सीधी जिले के ग्राम नकझर खुर्द के 26 वर्षीय युवक सुधीर पांडेय इन दिनों रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हैं। परिवार का आरोप है कि सूरत (गुजरात) में काम के दौरान एक भोला भाई नामक व्यक्ति ने सुधीर को चाकू की नोक पर धमकाया, पैर के तलवे चटवाए, मारपीट की और माफी मंगवाकर उसका वीडियो बनाया।
वीडियों में क्या दिखा ?
परिवार ने बाताया कि यह वीडियो 4 नवंबर की रात सुधीर के ही WhatsApp और Facebook स्टेटस पर लगाया गया था। वीडियो में सुधीर डरा हुआ दिखाई दे रहा है और बार-बार कह रहा है, भोला भाई मुझे माफ कर दो…अब मैं कभी सूरत नहीं आऊंगा, वहीं सामने मौजूद व्यक्ति धमकी देता सुनाई दे रहा है कि अगर बात मानी नहीं गई तो चाकू से मार दिया जाएगा।
सुधीर के पिता महेश पांडेय के मुताबिक उनका बेटा सूरत की एक कंपनी में कार्यरत था और परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य है। उनकी मां कमला पांडेय, जो नेत्रहीन हैं, घर में अकेली रहती हैं। पिता ने कहा, वीडियो देखने के बाद पैरों तले जमीन खिसक गई। न नंबर मिल रहा है, न पता। किसी अनहोनी की आशंका है।
परिजनों ने की शिकायत
परिवार ने बुधवार सुबह लगभग 11 बजे बहरी थाना पहुंचकर थाना प्रभारी राजेश पांडेय को लिखित आवेदन दिया और सुधीर की सकुशल वापसी की गुहार लगाई।
मामले में थाना प्रभारी का बयान
Bullying at Knife Point : मामले में थाना प्रभारी ने कहा, परिवार की शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है। वीडियो दूसरे राज्य (गुजरात) का प्रतीत होता है। वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। जितनी मदद संभव होगी, की जाएगी।


