टीआरपी डेस्क। Terrorist Arrest : गुजरात में एंटी टेररिज़्म स्क्वाड को बड़ी सफलता मिली है। सेंट्रल एजेंसियों के साथ संयुक्त अभियान के दौरान हाल ही में गुजरात ATS ने ISIS से जुड़े 3 आतंकियों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक ये आतंकवादी गुजरात समेत पूरे देश में बड़े आतंकी हमलों की साजिश रच रहे थे। जांच के दौरान यह सामने आया कि इन आतंकियों ने लखनऊ में RSS कार्यालय और दिल्ली की आजादपुर मंडी की रेकी की थी।
गुजरात ATS ने ISIS से जुड़े आजाद सुलेमान शेख, मोहम्मद सुहैल और अहमद मोहियुद्दीन सैयद को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि यह तीनों लखनऊ स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कार्यालय और दिल्ली की व्यस्त आजादपुर मंडी की रेकी कर रहे थे। दोनों स्थानों को आतंकी हमले के लिए संभावित निशाने के रूप में चुना गया था। सूत्रों के मुताबिक शेख और सुहैल ने राजस्थान के हनुमानगढ़ से हथियार जुटाए थे और उन्हें गांधीनगर के एक कब्रिस्तान में छु पाया गया था।
ATS की तत्परता से टला बड़ा हमला
ATS की टीम ने समय रहते कार्रवाई करते हुए हैदराबाद निवासी अहमद मोहियुद्दीन को शुक्रवार रात गिरफ्तार कर लिया था। उसकी गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने 4 विदेशी पिस्तौल, 30 कारतूस और 40 लीटर कैस्टर ऑयल बरामद किया। बाद में मोहियुद्दीन के मोबाइल रिकॉर्ड की जांच में उसके 2 साथियों के संपर्क और पूरे आतंकी नेटवर्क की जानकारी सामने आई, जिसके आधार पर अन्य दोनों आतंकियों को भी गिरफ्तार किया गया।
साइनाइड से जहर बना रहा था आतंकी
Terrorist Arrest : गुजरात ATS के DIG सुनील जोशी ने बताया कि अहमद मोहियुद्दीन सैयद एक उच्च शिक्षित व्यक्ति है, जिसने चीन से MBBS की पढ़ाई की है। वह ISIS खुरासान प्रांत के सदस्य अबू खादिम के संपर्क में था, जिसने उसे भारत विरोधी गतिविधियों के लिए फंड जुटाने और भर्ती अभियान चलाने की जिम्मेदारी सौंपी थी। जांच में यह भी पता चला है कि मोहियुद्दीन साइनाइड से जहरीला पदार्थ तैयार करने की कोशिश कर रहा था। फिलहाल ATS यह पता लगाने में जुटी है कि हथियारों की सप्लाई कहां से हुई और इस मॉड्यूल से जुड़े अन्य स्लीपर सेल देश के किन-किन हिस्सों में सक्रिय हैं।



