टीआरपी। In the Naxalite region youth are showing their sporting talent : बस्तर के सुकमा जिला में नक्सली अक्सर कोई न कोई वारदात किया करते थे, नक्सली हमले से बस्तर के लोग दहशत में जीवन जीते थे। अब, उस क्षेत्र में ‘बस्तर ओलंपिक खेल प्रतियोगिता में हजारों खिलाड़ी विविध खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।
वन मंत्री केदार कश्यप ने सुकमा जिला मुख्यालय स्थित हड़मा स्टेडियम में विकासखंड स्तरीय ‘बस्तर ओलंपिक‘ खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने न केवल खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया, बल्कि स्थानीय खेलों को बस्तर के शांतिपूर्ण भविष्य से भी जोड़ा। सभी खिलाड़ियों को खेल नियमों का पालन करने और सच्ची खेल भावना से खेलने की शपथ दिलाई।
पिछले वर्ष 1.65 लाख , इस बार 3 लाख
इस आयोजन को लेकर खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह है। यह आयोजन सुकमा के साथ-साथ कोंटा और छिंदगढ़ विकासखंड में भी किया जा रहा है। वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि जीवन में खेलकूद अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि यह मानसिक व शारीरिक विकास में विशेष योगदान देता है। उन्होंने महिला क्रिकेट विश्व कप का जिक्र करते हुए कहा कि देश की महिला खिलाड़ियों ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का परचम लहराया है। पिछले वर्ष बस्तर ओलंपिक में 1.65 लाख लोगों ने भाग लिया था। इस बार यह संख्या 3 लाख से अधिक हो गई है, जो बस्तर ओलंपिक खेल की लोकप्रियता को दर्शाता है।
इस अवसर पर विकासखंड स्तरीय कार्यक्रम में जनपद पंचायत कोंटा अध्यक्ष कुसुमलता कोवासी, जनपद उपाध्यक्ष सुकमा रीना पेद्दी, नगर पालिका परिषद सुकमा अध्यक्ष हुंगाराम मरकाम, नगर पंचायत दोरनापाल अध्यक्ष राधा नायक, जिला पंचायत सदस्य हुंगाराम मरकाम आदि उपस्थित रहे। 

