टीआरपी डेस्क। गुजरात के भरूच जिले के जीआईडीसी इंडस्ट्रियल एरिया में मंगलवार देर रात एक फार्मा कंपनी में हुए भीषण विस्फोट में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 कर्मचारी घायल हो गए। घायलों को जिले के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें 4 से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सायखा गांव के पास स्थित विशाल फार्मा कंपनी में देर रात करीब ढाई बजे बॉयलर फटने से जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना तीव्र था कि आसपास की चार कंपनियों को भी नुकसान पहुंचा और प्लांट में आग लग गई। हादसे में तीन कर्मचारियों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की छह टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। राहत और बचाव कार्य देर रात तक जारी रहा। मलबा हटाने का कार्य चल रहा है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
वहीं, सायखा गांव के सरपंच जयवीर सिंह ने कंपनी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह यूनिट बिना अनुमति के संचालित हो रही थी। उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं की गई।





