नवा रायपुर। 28 से 30 नवंबर तक आयोजित डीजीपी–आईजीपी कॉन्फ्रेंस नवा रायपुर में शुरू हो गई है। सम्मेलन में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित कई वीवीआईपी रायपुर पहुंच चुके हैं। कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए पूरे नवा रायपुर और पुराने शहर में 72 घंटे का हाई अलर्ट घोषित किया गया है।
सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने तीन स्तरीय व्यवस्था लागू की है। पहली लेयर में कार्यक्रम स्थल से करीब आधा किलोमीटर पहले एसटीएफ की स्पेशल ऑपरेशन यूनिट तैनात है, जहां हर गुजरने वाले की पूछताछ की जा रही है और बिना अनुमति किसी भी वाहन को वीवीआईपी आवास क्षेत्र में प्रवेश नहीं दिया जा रहा। दूसरी लेयर में 250 मीटर की दूरी पर सीआरपीएफ की टीम सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है। तीसरी और सबसे महत्वपूर्ण लेयर में कार्यक्रम स्थल तथा वीवीआईपी बंगलों के भीतर एसपीजी की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त एक किलोमीटर के दायरे में लगातार पुलिस पेट्रोलिंग जारी है।
पुराने रायपुर शहर में थानों के बाहर और मुख्य मार्गों पर बैरिकेडिंग कर जांच तेज कर दी गई है। सभी वीवीआईपी को नवा रायपुर में ही ठहराया गया है, जहां सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं। मंत्रियों के आवासों में बिना अनुमति प्रवेश पर पूर्णतः प्रतिबंध है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 7:15 बजे रायपुर पहुंचने पर उनके मार्ग पर लगभग 20 मिनट के लिए ट्रैफिक रोका गया। इसी प्रकार गृहमंत्री अमित शाह की मूवमेंट के दौरान भी अल्पकालिक रोक लगाई गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ट्रैफिक नियंत्रण केवल वीवीआईपी मूवमेंट के समय ही अस्थायी रूप से लागू किया गया, किसी भी मार्ग को स्थायी रूप से बंद नहीं किया गया है।
नवा रायपुर में भारी और मालवाहक वाहनों की एंट्री 72 घंटे के लिए रोक दी गई है। केवल अनुमति प्राप्त वाहनों को ही प्रवेश दिया जा रहा है। आईआईएम के मुख्य द्वार से सामान्य प्रवेश भी पूरी तरह बंद है।
सुरक्षा घेरा मजबूत करने के लिए 2000 से अधिक जवान तैनात किए गए हैं। अनावश्यक घूमने वालों को क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति नहीं है। सड़क पर विचरण कर रहे मवेशियों को भी हटाकर कांजी हाउस भेजा जा रहा है।
कॉन्फ्रेंस के मद्देनजर आईआईएम में छुट्टी घोषित की गई है। केवल सम्मेलन से जुड़े अधिकारी, प्रतिभागी और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी ही पास दिखाने पर कैंपस में प्रवेश कर सकते हैं।


