टीआरपी डेस्क। श्रीलंका में भारी तबाही मचाने के बाद चक्रवात दितवाह अब भारत की ओर बढ़ गया है। इस चक्रवात ने तमिलनाडु के तटीय क्षेत्रों और कावेरी डेल्टा जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं के साथ व्यापक नुकसान पहुंचाया। रामनाथपुरम और नागापट्टिनम जिले सबसे अधिक प्रभावित रहे, जहां तेज हवाओं से हजारों पेड़ गिर गए और लाखों एकड़ फसल नष्ट हो गई। तटीय इलाकों में जनजीवन गंभीर रूप से प्रभावित हुआ है।
भारतीय मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में चक्रवात दितवाह के उत्तरी तमिलनाडु और पुडुचेरी तटों के समानांतर उत्तर दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है।
भारी बारिश के कारण तमिलनाडु के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे यातायात और आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। वहीं पुड्डुचेरी में चक्रवात के करीब आने के साथ ही तेज हवाएं चल रही हैं और समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं, जिसने तटीय क्षेत्र को सतर्क कर दिया है।
प्रशासन तटीय जिलों में बचाव और सुरक्षा उपायों को मजबूत कर रहा है, जबकि लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और मौसम विभाग के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।



