टीआरपी डेस्क। पिछले पांच दिनों से लगातार इंडिगो की उड़ानों के रद होने और यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण अन्य एयरलाइन कंपनियों के टिकट के दाम तेजी से बढ़ गए थे। अचानक बढ़े किराए ने यात्रियों की परेशानी और बढ़ा दी थी। ऐसे हालात को देखते हुए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है, जिससे यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
पिछले पांच दिनों में इंडिगो ने 1000 से अधिक उड़ानों को रद्द किया है। इसका असर दिल्ली, मुंबई समेत देश के कई प्रमुख एयरपोर्ट पर देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में यात्रियों को अफरा तफरी और लंबी प्रतीक्षा का सामना करना पड़ा।
सरकार ने लिया अहम निर्णय
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार ने एयरफेयर कैप लगाने का फैसला किया है। सिविल एविएशन मंत्रालय ने बताया कि प्रभावित रूटों पर उचित और नियंत्रित किराया सुनिश्चित करने के लिए रेगुलेटरी पावर का इस्तेमाल किया गया है। इस निर्णय के बाद एयरलाइनों को मनमाने ढंग से टिकट के दाम बढ़ाने से रोका जा सकेगा, जिससे यात्रियों को राहत मिलेगी।
एयरफेयर कैप लागू
इंडिगो की उड़ानों में आई रुकावटों के बाद कई रूटों पर टिकट की कीमतें अचानक बढ़ गई थीं। इस स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सरकार ने शनिवार को एयरफेयर कैप लागू किया। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि हालात सामान्य होने तक यह सीमित किराया व्यवस्था लागू रहेगी।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, सभी एयरलाइनों को निर्देश दिया गया है कि वे तय किए गए किराया सीमा का कड़ाई से पालन करें। इस संबंध में और विस्तृत जानकारी जल्द जारी की जाएगी।


