टीआरपी डेस्क। गोवा के अरपोरा स्थित ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइट क्लब में लगी आग के मामले में पुलिस ने क्लब मैनेजर भारत को राजधानी दिल्ली के सब्जी मंडी इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया कि दिल्ली के सिविल लाइंस क्षेत्र में भी ‘रोमियो लेन’ नाम से एक रेस्तरां संचालित होता है।

शनिवार देर रात हुए इस भीषण अग्निकांड में अब तक 25 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि छह लोग घायल बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, नाइट क्लब का मालिक सौरभ लूथरा घटना के बाद से फरार है और उसकी तलाश जारी है। घटना के बाद भारत गोवा से भागकर दिल्ली स्थित अपने घर पहुंच गया था, जहां क्राइम ब्रांच और गोवा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

यह इस मामले में पांचवीं गिरफ्तारी है। आरोपी भारत (49), पुत्र करण सिंह कोहली, निवासी पंजाबी बस्ती, सब्जी मंडी, क्लब के दैनिक संचालन की जिम्मेदारी संभालता था।

See also  होटल में युवती से दुष्कर्म, आरोपी युवक गिरफ्तार

पुलिस की एक टीम दिल्ली में मौजूद है, जो फरार मालिकों का लोकेशन ट्रेस कर रही है। साथ ही, क्लब को मिले विभिन्न लाइसेंस और परमिट की जांच में शामिल सरकारी अधिकारियों को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है, ताकि नियमों के पालन में हुई चूक की पुष्टि की जा सके।

‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइट क्लब राजधानी पणजी से करीब 25 किलोमीटर दूर स्थित है। क्लब का संचालन देर रात एक बजे से शुरू होता है। घटना के समय क्लब में लगभग 100 लोग मौजूद थे और कार्यक्रम शुरू होने से पहले लोग धीरे-धीरे पहुंच रहे थे।

क्लब के इंस्टाग्राम पेज के अनुसार, शनिवार रात ‘बॉलीवुड बैंगर नाइट’ का आयोजन होना था। इसके लिए डीजे और डांसर भी आने वाले थे, मगर एक बजे शुरू होने वाले कार्यक्रम से पहले ही रात 12:04 बजे हादसा हो गया।