टीआरपी डेस्क। भारतीय क्रिकेट पर आईसीसी (ICC) ने बड़ी कार्रवाई की है। दरअसल रायपुर में खेले गए दूसरे वनडे में स्लो ओवर रेट के कारण टीम इंडिया पर 10 फीसदी मैच फीस का जुर्माना लगाया गया है। यह वही मैच था जिसमें भारत 358 रन बनाकर भी जीत हासिल नहीं कर पाया था। हालांकि सीरीज को 2-1 से जीतने में कामयाब रहा।

आईसीसी मैच रेफरी रिची रिचर्डसन ने इस पेनल्टी का ऐलान करते हुए बताया कि केएल राहुल की कप्तानी वाली टीम निर्धारित समय से दो ओवर कम फेंक पाई। नियमों के अनुसार हर ओवर की देरी पर खिलाड़ियों की मैच फीस से पांच प्रतिशत राशि काटी जाती है। राहुल ने इस गलती को मानते हुए जुर्माना स्वीकार कर लिया, जिससे किसी औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।

भारतीय टीम का धीमा ओवर रेट लगातार चिंता का विषय बना हुआ है। रांची वनडे में भी यही खामी देखने को मिली थी, जिसके चलते टीम को आखिरी ओवर में एक अतिरिक्त फील्डर 30 यार्ड सर्कल के भीतर रखना पड़ा। अब ऐसे में टी20 मुकाबलों में यह चूक और महंगी साबित हो सकती है। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टी20 सीरीज का पहला मुकाबला कटक में खेला जाना है। पांच मैचों की इस सीरीज में भारतीय टीम एक बार फिर शानदार प्रदर्शन दोहराना चाहेगी।

See also  India vs Sri Lanka : 50 रन पर ही श्रीलंका ऑलआउट, मोहम्मद सिराज का जलवा, झटके 6 विकेट