टीआरपी डेस्क। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में बुधवार को वायु गुणवत्ता में हल्का सुधार दर्ज किया गया, हालांकि प्रदूषण का स्तर अब भी खराब श्रेणी में बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, 10 दिसंबर को दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स लगभग 250 रहा, जो खराब श्रेणी में आता है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों में हवा की गति बढ़ने से प्रदूषण में कमी आने की संभावना है।
सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के मुताबिक, सुबह आठ बजे शहर के अधिकांश इलाकों में AQI 300 से कम दर्ज किया गया। बता दें कि AQI की 0-50 रेंज अच्छा, 51-100 संतोषजनक, 101-200 मध्यम, 201-300 खराब, 301-400 बहुत खराब और 401-500 गंभीर श्रेणी मानी जाती है।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि 10 से 12 दिसंबर के बीच हवा की रफ्तार 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। हवा तेज होने पर प्रदूषक कण वातावरण में फैल जाते हैं, जिससे आसमान साफ होता है और वायु गुणवत्ता में सुधार आता है। इससे पहले भी तेज हवाओं के चलते दिल्ली के लोगों को साफ हवा का अनुभव हुआ था।
मौसम विभाग के अनुसार, 11 और 12 दिसंबर को दिल्ली-एनसीआर में सुबह और शाम हल्का कोहरा छा सकता है। न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है, जिससे रात और सुबह की ठंड में बढ़ोतरी हो सकती है। बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान लगभग 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में तापमान में और गिरावट हो सकती है। वहीं, 13 दिसंबर से एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय को प्रभावित करेगा, जिससे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है। इसका दिल्ली-एनसीआर पर बड़ा असर नहीं पड़ेगा, लेकिन हवा का रुख बदलने से प्रदूषण का स्तर दोबारा बढ़ सकता है।


