टीआरपी डेस्क। भारत के अनुरोध पर थाईलैंड पुलिस ने फुकेट में लूथरा भाइयों को हिरासत में ले लिया है। पिछले दिनों गोवा के अरपोरा स्थित बिर्च बाय रोमियो नाइटक्लब में आग लगने से हुए बड़े हादसे में 25 लोगों की मौत हो गई थी। नाइटक्लब के फाउंडर गौरव और सौरभ लूथरा इस घटना के बाद से फरार थे और जिस दिन ये घटना घटी उसी रात दोनों भाई फुकेट पहुंच गए थे। दोनों को अग्निकांड मामले में मुख्य आरोपी बनाते हुए मामला दर्ज किया गया है।

घटना के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के पासपोर्ट निलंबित कर दिए, ताकि वे थाईलैंड से आगे किसी अन्य देश में न जा सकें। अधिकारियों का कहना है कि, पासपोर्ट निलंबन से इंटरपोल और कूटनीतिक माध्यमों के जरिए भारत लाने की प्रक्रिया आसान होगी। इंटरपोल ने मंगलवार को दोनों के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया था।

सूत्रों के अनुसार, विदेश मंत्रालय को गोवा सरकार की ओर से पासपोर्ट रद्द करने का औपचारिक अनुरोध प्राप्त हुआ था। इस बीच थाईलैंड पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई को इस मामले में बड़ा एक्शन माना जा रहा है।

See also  बिना वोटर आईडी के अब कॉलेजों में नहीं मिलेगा एडमिशन

उधर, लूथरा ब्रदर्स ने घटना के बाद अंतरिम जमानत याचिका दायर की थी, लेकिन अदालत ने बुधवार को उन्हें राहत देने से इनकार कर दिया। अब इस याचिका पर गुरुवार को सुनवाई होगी। अदालत में सीनियर एडवोकेट सिद्धार्थ लूथरा और तनवीर अहमद मीर उनकी ओर से पेश हुए। वकील ने अदालत में कहा कि उनके मुवक्किल भारत लौटना चाहते हैं, लेकिन उन्हें गिरफ्तारी और ‘witch-hunting’ का डर है।