टीआरपी डेस्क। दिसंबर की शुरुआत देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो के लिए अच्छी नहीं रही। इंडिगो की एक के बाद एक उड़ाने रद हुईं, जिसके कारण यात्रियों में हाहाकार मच गया। विमानन क्षेत्र में इससे पहले इतनी बड़ी क्राइसिसि देखने शायद ही मिली थी। कई लोग घंटों एयरपोर्ट पर फंसे रहे और कुछ जगहों पर तो सामान के ढेर लग गए। धीरे-धीरे स्थिति सुधर रही है, इस बीच इंडिगो ने प्रभावित यात्रियों के लिए एक अहम घोषणा की है।
किन्हें मिलेगा 10 हजार का वाउचर
इंडिगो ने एक्स पर बताया कि 3, 4 और 5 दिसंबर को कुछ एयरपोर्ट पर लंबे समय तक फंसे रहे और भीड़ की वजह से गंभीर रूप से प्रभावित हुए यात्रियों को 10 हजार रुपये का ट्रैवल वाउचर दिया जाएगा। यह वाउचर अगले 12 महीनों तक किसी भी इंडिगो फ्लाइट के लिए इस्तेमाल किया जा सकेगा।
कंपनी के बयान के अनुसार यह राशि सरकारी नियमों के तहत दिए जाने वाले मुआवजे से अलग है। नियमों के हिसाब से, प्रस्थान समय के 24 घंटे के भीतर रद्द हुई उड़ानों पर यात्रियों को 5000 से 10,000 रुपये तक का मुआवजा मिलता ही है।
रिफंड की मौजूदा स्थिति
इंडिगो का कहना है कि रद्द हुई उड़ानों के ज्यादातर रिफंड प्रोसेस हो चुके हैं और बाकी रिफंड भी जल्द जारी हो जाएंगे। ट्रैवल एजेंट के जरिए टिकट लेने वाले यात्रियों से कहा गया है कि यदि जानकारी अधूरी है या सहायता की जरूरत है तो वे [email protected] पर संपर्क करें।
सवाल और जवाब
क्या रद्द उड़ानों का रिफंड शुरू हो चुका है?
हाँ। लगभग सभी रिफंड भेजे जा चुके हैं, बाकी भी जल्द ही प्रोसेस हो जाएंगे।
ट्रैवल एजेंट से बुकिंग की है तो क्या करना होगा?
रिफंड की प्रक्रिया शुरू है, लेकिन अगर कोई विवरण अधूरा है तो आप ईमेल करके मदद मांग सकते हैं।
3-5 दिसंबर के यात्रियों को क्या खास मुआवजा मिलेगा?
जिन्हें लंबे समय तक एयरपोर्ट पर रुकना पड़ा और हालात से ज्यादा प्रभावित हुए, उन्हें 10 हजार रुपये का ट्रैवल वाउचर मिलेगा।
वाउचर कितने समय तक मान्य होगा?
पूरे 12 महीने।
क्या यह 10 हजार सरकारी मुआवजे से अलग है?
हाँ। यह अतिरिक्त सहायता है। सरकारी गाइडलाइंस के मुताबिक 24 घंटे के भीतर रद्द हुई उड़ानों पर 5 से 10 हजार रुपये का मुआवजा अलग से दिया जाएगा।


