टीआरपी डेस्क। संसद के शीतकालीन सत्र के बीच राजधानी की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर लगाए गए कुछ विवादित नारों के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इसे लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।

भाजपा का कहना है कि इन नारों ने कांग्रेस की असली मंशा उजागर कर दी है। पार्टी नेताओं के मुताबिक, कांग्रेस मुद्दों की आड़ में सीधे तौर पर प्रधानमंत्री मोदी को निशाना बना रही है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा लगाए गए नारों के वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा नेताओं ने इसे मर्यादा के खिलाफ बताते हुए कांग्रेस से जवाब मांगा है।

भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि अब कांग्रेस का एजेंडा पूरी तरह साफ हो चुका है। उन्होंने लिखा कि यह न तो SIR का मुद्दा है और न ही संविधान पर हमले का, बल्कि SIR की आड़ में प्रधानमंत्री मोदी को हटाने की राजनीति की जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने पहले भी प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया है।

See also  अब तक 22 बार ट्रंप ने लिया संघर्ष विराम का श्रेय, पीएम क्यों हैं खामोश- जयराम रमेश

गौरतलब है कि दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस ने एक बड़ी रैली का आयोजन किया था, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। रैली के दौरान वोट चोरी और SIR के खिलाफ अभियान की शुरुआत की गई। इस कार्यक्रम में देशभर से कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे थे।

भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अगर वास्तव में ऐसे नारे लगाए गए हैं, तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और उनके परिवार के खिलाफ जब-जब कांग्रेस ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया है, जनता ने उन्हें नकारा है। उनके मुताबिक, ऐसे नारे यह दिखाते हैं कि कांग्रेस आज भी जनता की भावना को समझने में नाकाम है।

See also  बंगाल में ED का बड़ा एक्शन: कोलकाता से बर्दवान तक हड़कंप, गेहूं घोटाले और जमीन कब्जे को लेकर 9 जगहों पर छापेमारी