टीआरपी डेस्क। संसद का शीतकालीन सत्र जारी है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी ने अपने सभी सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है। पार्टी ने सांसदों को निर्देश दिया है कि वे 15 दिसंबर से 19 दिसंबर तक सदन में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। माना जा रहा है कि इस दौरान कई अहम विधेयकों और महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा और निर्णय लिए जा सकते हैं।
दरअसल, शीतकालीन सत्र के समापन में अब कुछ ही दिन शेष हैं। सत्र के शुरुआती दिनों में दोनों सदनों में हंगामे के कारण कार्यवाही बाधित रही, जिससे विधायी कामकाज प्रभावित हुआ। हालांकि, बीते कुछ दिनों से सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चल रही है, लेकिन पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिल रही है। इसी को देखते हुए भाजपा ने अपने सांसदों की सदन में मौजूदगी सुनिश्चित करने के लिए व्हिप जारी किया है।
लोकसभा में आज कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। सदन में महत्वपूर्ण समिति रिपोर्टें, मंत्रियों के वक्तव्य, वर्ष 2025-26 के लिए अनुदान की पूरक मांगें और विनियोग (संख्या 4) विधेयक 2025 पर विचार किया जाएगा।
लोकसभा की कार्यवाही की शुरुआत प्रश्नकाल से होगी, जिसमें सूचीबद्ध प्रश्नों के उत्तर दिए जाएंगे। इसके साथ ही लोक लेखा समिति की वर्ष 2025-26 की रिपोर्टें भी सदन के पटल पर रखी जाएंगी। कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल और वाईएसआर कांग्रेस के मगंटा श्रीनिवासुलु रेड्डी प्रोत्साहन और भत्तों के अनियमित अनुदान से संबंधित चौंतीसवीं रिपोर्ट तथा राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम पर पीएसी की एक सौ बयालीसवीं रिपोर्ट में निहित सिफारिशों पर सरकार द्वारा की गई कार्रवाई से जुड़ी पैंतीसवीं रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
व्हिप क्या होता है?
व्हिप संसद या विधानसभा में किसी राजनीतिक दल द्वारा अपने सांसदों/विधायकों को दिया गया आधिकारिक निर्देश होता है। इसके जरिए पार्टी यह तय करती है कि किसी खास दिन या किसी महत्वपूर्ण मुद्दे पर सदन में मौजूद रहना, चर्चा में भाग लेना या किसी प्रस्ताव के पक्ष या विपक्ष में मतदान करना अनिवार्य होगा।



