टीआरपी डेस्क। मथुरा में यमुना एक्सप्रेस वे पर मंगलवार तड़के घने कोहरे की वजह से कोहराम मच गया। सुबह करीब 3:30 बजे बलदेव थाना क्षेत्र में भीषण हादसा हुआ। इस हादसे में एक के बाद एक सात बसें और तीन कारें आपस में टकरा गईं। टक्कर के साथ ही कई वाहनों में आग भड़क उठी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कोहरे की वजह से हादसे के वक्त दृश्यता लगभग शून्य थी। आग की लपटें उठते ही बसों में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कई यात्री आग की चपेट में आ गए। इस भीषण हादसे में अब तक 17 लोगों की मौत हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और यमुना एक्सप्रेस वे प्राधिकरण की टीमें मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को मथुरा जिला अस्पताल और वृंदावन के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा रेफर किया गया है। जिला अस्पताल में 38 और बलदेव सीएचसी में 39 घायलों का इलाज जारी है।

See also  BIG BREAKING : Uttarkashi Tunnel: 400 घंटे की जंग के बाद सुरंग में जीत गई जिंदगी, 15 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला गया

हादसे के बाद आगरा से नोएडा की ओर जाने वाले यमुना एक्सप्रेस वे पर लंबा जाम लग गया, जिसे बाद में यातायात पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों से सुचारू कराया। मंडल आयुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अब तक चार शवों की पहचान हो चुकी है, जबकि अन्य की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। प्रशासन ने फिलहाल दस लोगों की मौत की पुष्टि की है।