टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ में जगदलपुर–रायपुर नेशनल हाईवे 30 पर गुरुवार सुबह एक टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक सहित चार यात्री घायल हो गए। घायलों में एक महिला भी शामिल है। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को जगदलपुर रेफर किया गया है। घटना भानपुरी थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, टूरिस्ट बस दुर्ग से तिरुपति के लिए रवाना हुई थी, जिसमें दुर्ग और रायपुर के करीब 30 से 40 श्रद्धालु सवार थे। गुरुवार सुबह भानपुरी के समीप तारागांव के पास बस अचानक अनियंत्रित होकर नेशनल हाईवे से नीचे उतर गई और पेड़ से जा टकराई।
यह हादसा सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राजनांदगांव जिले के रहने वाले तारकेश्वर साहू (18) की मौके पर ही मौत हो गई। वह बस में सहायक के रूप में कार्यरत था। दुर्घटना के बाद यात्रियों ने खिड़कियां तोड़कर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
हादसे की सूचना मिलने पर भानपुरी पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस के माध्यम से घायलों को अस्पताल भिजवाया। वहीं, सभी यात्रियों को पुलिस वाहन से भानपुरी थाना लाया गया, जहां आगे की व्यवस्था होने तक उनके ठहरने की व्यवस्था की गई है।



