टीआरपी डेस्क। नए साल की शुरुआत में अब कुछ ही दिन शेष हैं। 1 जनवरी से कई अहम बदलाव लागू हो सकते हैं, जिनका सीधा असर आपकी जेब पर पड़ेगा। कारों के दाम बढ़ने से लेकर टैक्स और बचत योजनाओं तक, कुछ काम ऐसे हैं जिन्हें 31 दिसंबर से पहले पूरा करना जरूरी है। अगर आपने समय रहते ध्यान नहीं दिया, तो आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
- नई गाड़ियां हो सकती हैं महंगी
1 जनवरी से कई ऑटो कंपनियां कारों की कीमतें बढ़ा सकती हैं। MG ने दाम बढ़ाने का ऐलान कर दिया है, जबकि BMW ने 2 से 3 प्रतिशत तक कीमत बढ़ाने की घोषणा की है। मारुति, टाटा और हुंडई जैसी कंपनियां भी जल्द ही कीमतों में इजाफा कर सकती हैं। अगर आप नई कार खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो 31 दिसंबर से पहले बुकिंग या खरीद फायदेमंद हो सकती है। - स्मॉल सेविंग्स स्कीम्स की ब्याज दरें घटने की आशंका
31 दिसंबर तक छोटी बचत योजनाओं की ब्याज दरों में कटौती की घोषणा हो सकती है। इन योजनाओं में कुल 11 स्कीम्स शामिल हैं। 5 दिसंबर को RBI द्वारा रेपो रेट में 0.25 प्रतिशत की कटौती के बाद यह आशंका बढ़ गई है कि फिक्स्ड डिपॉजिट और स्मॉल सेविंग्स स्कीम्स पर मिलने वाला ब्याज कम हो सकता है। - आधार-पैन लिंक कराना जरूरी
जिन लोगों का आधार कार्ड 1 अक्टूबर 2024 या उससे पहले बना है, उन्हें 31 दिसंबर से पहले पैन से आधार लिंक कराना अनिवार्य है। तय समय तक लिंक नहीं होने पर पैन कार्ड इनएक्टिव हो सकता है। ऐसा होने पर न तो ITR फाइल कर पाएंगे और न ही पेंडिंग रिफंड मिलेगा। बैंक, म्यूचुअल फंड और अन्य वित्तीय कामों में भी परेशानी आ सकती है। - इनकम टैक्स रिटर्न से जुड़ा जरूरी अलर्ट
अगर आपने अभी तक वित्त वर्ष 2024-25 का इनकम टैक्स रिटर्न फाइल नहीं किया है, तो 31 दिसंबर 2025 तक लेट फीस के साथ फाइल किया जा सकता है। हालांकि, टैक्स एक्सपर्ट सीए आनंद जैन के अनुसार, 31 दिसंबर के बाद ITR फाइल करने पर रिफंड का दावा नहीं किया जा सकेगा। ऐसी स्थिति में रिफंड की राशि सरकार के पास चली जाएगी और टैक्स विभाग जुर्माना भी लगा सकता है।



