टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में कलेक्टर के निरीक्षण के दौरान ड्यूटी से नदारद रहने पर पंचायत सचिव के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। जनपद पंचायत रामचन्द्रपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत विजयनगर में पदस्थ पंचायत सचिव सिद्धार्थ शंकर हालदार को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। यह कार्रवाई जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) द्वारा की गई है।

जानकारी के मुताबिक 26 दिसंबर को रामानुजगंज चेकपोस्ट के निरीक्षण के दौरान पंचायत सचिव को सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक ड्यूटी पर तैनात किया गया था, लेकिन वे तय समय पर मौके पर उपस्थित नहीं पाए गए। निरीक्षण के दौरान उनकी गैरमौजूदगी को गंभीरता से लिया गया।

प्रशासन ने इस मामले को कार्य के प्रति लापरवाही और अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना है। इसे छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (आचरण) नियम 1998 का उल्लंघन बताते हुए निलंबन की कार्रवाई की गई। निलंबन अवधि के दौरान पंचायत सचिव सिद्धार्थ शंकर हालदार का मुख्यालय जनपद पंचायत बलरामपुर निर्धारित किया गया है।

See also  भारतीय रेल का 'सुपर-फास्ट' परिवर्तन: ₹2.78 लाख करोड़ का रिकॉर्ड बजट और 200 नई इंटरसिटी ट्रेनों की सौगात