टीआरपी डेस्क। नए साल के अवसर पर मोदी सरकार ने देशवासियों को बड़ी सौगात दी है। रेल मंत्रालय ने देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के रूट की घोषणा कर दी है। यह अत्याधुनिक स्लीपर ट्रेन गुवाहाटी से कोलकाता के बीच संचालित होगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसकी जानकारी दी है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जल्द ही इसका औपचारिक ऐलान और उद्घाटन किया जाएगा।
हाल ही में स्वदेशी तकनीक से निर्मित वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का अंतिम हाई-स्पीड ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा किया गया। यह ट्रायल कोटा–नागदा सेक्शन पर रेलवे सुरक्षा आयुक्त की निगरानी में किया गया, जहां ट्रेन ने 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार हासिल की।
रेल मंत्रालय के अनुसार वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को लंबी दूरी की यात्रा को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। यह ट्रेन कुल 16 कोच की होगी, जिनमें 11 थर्ड एसी, 4 सेकंड एसी और 1 फर्स्ट एसी कोच शामिल हैं। ट्रेन में कुल 823 यात्री सफर कर सकेंगे।
यह एक सेमी हाई-स्पीड ट्रेन है, जिसकी डिजाइन स्पीड 180 किलोमीटर प्रति घंटा है। इसमें यात्रियों की सुविधा के लिए आरामदायक और मुलायम बर्थ लगाए गए हैं। कोचों के बीच आने-जाने के लिए ऑटोमैटिक दरवाजे और वेस्टीब्यूल की व्यवस्था की गई है। बेहतर सस्पेंशन सिस्टम और कम शोर के कारण यात्रा अधिक शांत और आरामदायक होगी।
सुरक्षा के लिहाज से ट्रेन में कवच सुरक्षा प्रणाली और इमरजेंसी टॉक-बैक सिस्टम लगाया गया है। साफ-सफाई के लिए डिसइन्फेक्टेंट तकनीक का उपयोग किया गया है। लोको पायलट के लिए आधुनिक कंट्रोल और सेफ्टी सिस्टम से लैस एडवांस ड्राइवर केबिन दिया गया है। ट्रेन का बाहरी डिजाइन एरोडायनामिक और आकर्षक है।
रेलवे सूत्रों के अनुसार वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का उद्घाटन जनवरी माह में ही किया जाएगा। 15 से 20 दिनों के भीतर इसके शुभारंभ की संभावना है और 17 या 18 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हरी झंडी दिखाई जा सकती है।
किराए की बात करें तो गुवाहाटी से कोलकाता तक थर्ड एसी का किराया लगभग 2300 रुपये, सेकंड एसी का 3000 रुपये और फर्स्ट एसी का किराया करीब 3600 रुपये प्रस्तावित है।



